
मधुबनी-12 नवंबर। जिले के बेनीपट्टी बाजार से चार दिन पूर्व गायब युवक का सुराग लगाने में अबतक बेनीपट्टी पुलिस नाकाम दिख रही है। इस मामले में गायब युवक अविनाश झा उर्फ बुद्धिनाथ के भाई चंद्रशेखर झा ने बेनीपट्टी थाना में केस दर्ज कराई है। जिसमें वादी ने बेनीपट्टी के कई फर्जी नर्सिंग होम के संचालक व डॉक्टर-कर्मी पर गायब करने की आशंका व्यक्त की है। युवक गत 09 नवंबर की रात करीब दस बजे से गायब है। उसका दोनों मोबाइल भी स्विच ऑफ है। युवक के घर के समीप लगे सीसीटीवी में युवक को गले में पीला रंग का गमछा लेकर करीब दस बजे निकलते ओर लोहिया चैक की ओर जाते दिखाई दिया है। जिसके बाद से युवक का अबतक कोई अतापता नहीं लग पा रहा है। युवक के रहस्मयी ढंग से गायब होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ है। बता दे कि युवक करीब दो वर्षों से बेनीपट्टी में अवैध ढंग से संचालित अवैध नर्सिंग होम के खिलाफ कार्रवाई को लेकर मुहिम चला रहा था। जिसके कारण कई नर्सिंग होम पर स्वास्थ्य विभाग के द्वारा कार्रवाई भी की गई है। उधर, पुलिस फिलहाल युवक के मोबाइल का सीडीआर के आधार पर जांच शुरू कर दी है। एसएचओ अरविंद कुमार ने बताया कि गायब होने के मामले की जांच की जा रही है। युवक के बरामदगी के लिए हर मुमकिन कार्रवाई जारी है।



