
बिहार सरकार के पूर्व मंत्री रमई राम का निधन
पटना- 14 जुलाई। बिहार सरकार के पूर्व मंत्री रमई राम का निधन हो गया है। राजधानी पटना में गुरुवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। रमई राम लंबे समय से बीमार चल रहे थे और पटना मेदांता में उन्हें भर्ती कराया गया था। उनके निधन की जानकारी राजद नेता एवं नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने ट्विटर पर दी।
तेजस्वी यादव ने ट्वीट करते हुए लिखा कि वरिष्ठ समाजवादी नेता, पूर्व मंत्री और 9 बार विधायक रहे रमई राम जी के निधन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। वो एक कर्मठ और समर्पित राजनेता एवं सामाजिक कार्यकर्ता थे। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति एवं परिवार को दुःख सहने की शक्ति प्रदान करे। ॐ शांति।
रमई राम के निधन पर जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने ट्वीट किया कि बिहार सरकार के पूर्व मंत्री रमई राम के निधन की दुःखद खबर मिली है। उनका संपूर्ण जीवन दलित उत्थान के लिए समर्पित रहा है। उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। भगवान दिवंगत आत्मा को शांति एवं शोक-संतप्त परिजनों को संबल प्रदान करें।



