
बिहार विधानपरिषद में पांच बैठकों में 389 प्रश्नों को किया गया स्वीकृत: सभापति
पटना- 19 दिसंबर। बिहार विधानमंडल में शीतकालीन सत्र के आखिरी दिन सोमवार को विधान परिषद में सभापति देवेश चंद्र ठाकुर ने कहा कि 202वें सत्र का आज अन्तिम कार्य दिवस है। वर्तमान सत्र में कुल पांच बैठकें हुईं। सत्रावधि के लिए कुल 448 प्रश्नों की सूचनाएं प्राप्त हुईं, जिनमें से 389 प्रश्नों को स्वीकृत किया गया।
सभापति ठाकुर ने कहा कि नेवा एप्प के माध्यम से कुल 309 प्रश्नों के उत्तर ऑनलाइन प्राप्त हुए, जो लगभग 80 प्रतिशत हैं। वर्तमान सत्र के लंबित प्रश्नों को आगामी सत्र में सदन की मेज पर रखने के लिए सरकार से अनुशंसा करता हूं। सभापति ठाकुर ने कहा कि वर्तमान सत्र के लिए ध्यानाकर्षण की कुल 62 सूचनाएं प्राप्त हुईं, जिनमें 27 सूचनाएं स्वीकृत हुईं। तीन सूचनाएं व्यपगत हुईं, 20 सूचनाओं के उत्तर ऑनलाइन प्राप्त हुए हैं। शेष सूचनाएं प्रश्न एवं ध्यानाकर्षण समिति को सुपुर्द की गईं। शून्यकाल की कुल 24 सूचनाएं प्राप्त हुईं, जिनमें 21 सूचनाएं स्वीकृत हुईं। 14 सूचनाएं व्यपगत हुईं।
देवेश चंद्र ठाकुर ने कहा कि निवेदन की कुल 32 सूचनाएं प्राप्त हुईं, जिनमें 31 सूचनाएं स्वीकृत हुईं। सभी स्वीकृत निवेदनों को सदन की सहमति से निवेदन समिति को सुपुर्द किया गया। उन्होंने कहा कि वर्तमान सत्र के दौरान सदस्यों ने अपने संसदीय दायित्वों का निर्वहन करते हुए जनसामान्य की समस्याओं से सम्बद्ध कई महत्वपूर्ण विषय सदन के माध्यम से सरकार के संज्ञान में लाने का कार्य किया है। सरकार ने इन विषयों पर सम्यक विचार एवं समाधान के प्रयास करने की बात कही है। कई समस्याओं का निदान भी कराया गया। सदन में सरकार ने जनता की समस्या के समाधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।
सदन में कतिपय मुद्दों को लेकर विपक्षी सदस्यों ने व्यवधान भी उत्पन्न किया परन्तु पक्ष-विपक्ष के सहयोग से महत्वपूर्ण विषयों पर विमर्श भी संभव हो सका। इस सत्र के दौरान कुल सात विधेयक, जिनमें बिहार विशेष न्यायालय (संशोधन) विधेयक, बिहार लोकायुक्त (संशोधन) विधेयक, 2022, बिहार माल एवं सेवा कर (संशोधन) विधेयक, 2022, बिहार विनियोग अधिकाई व्यय (1989-90) विधेयक, 2022,तकनीकी सेवा आयोग (संशोधन) विधेयक, 2022,बिहार नगरपालिका (संशोधन) विधेयक, 2022 और बिहार विनियोग (संख्या-4) विधेयक, 2022 पारित किए गए।



