
बिहार में मानसून का करना होगा इंतजार
पटना- 26 मई। केरल में मानसून के सेट नहीं होने के कारण अब बिहार में मानसून आने में दो से चार दिनों की देरी हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून अभी साउथ वेस्ट अरबियन समुद्र के कुछ भाग में पहुंचा है। मानसून के केरल तक पहुंचने में चार दिन की देरी हो जाएगी। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 27 मई यानी कल तक मानसून के केरल में पहुंच जाने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों की ओर से बिहार में मानसून को लेकर 13 से 15 जून के बीच का समय फिक्स बताया जा रहा है। पिछले साल मानसून पूर्वानुमान के एक दिन पहले ही बिहार में आ गया था लेकिन इस बार दो से चार दिनों की देरी का अनुमान लगाया गया है।
पटना के मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों का कहना है कि 25 मई से नौतपा शुरू हो गया है। इस दौरान सूर्य की तपिश दिखाई देगी लेकिन नौतपा के पहले दिन ही राज्य में कई स्थानों पर तेज हवा के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक 24 घंटे के दौरान उत्तर पश्चिम भागों के अनेक स्थानों पर, दक्षिणी भागों के कुछ स्थानों पर और उत्तर मध्य एवं उत्तर पूर्व भागों के एक दो स्थानों पर हल्की से मध्यम स्तर की वर्षा दर्ज की गई। इस दौरान सर्वाधिक अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस डेहरी में रिकॉर्ड किया गया है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि नौतपा में 30 मई तक बारिश और आंधी तूफान का पूर्वानुमान है। इस दौरान अगर बारिश होती है तो नौतपा के कारण मानसून में बरसात कम होगी। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में भी बारिश को लेकर अलर्ट किया है।



