
बिहार में ओमिक्रोन की स्थिति गंभीर नहीं,एक भी मामला सामने नहीं आया है:CM
पटना- 25 दिसंबर। स्व.अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस पर राजकीय जयंती समारोह का आयोजन पाटलिपुत्रा पार्क, पटना में किया गया। इस मौके पर पत्रकारों द्वारा ओमिक्रोन को लेकर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में सीएम ने कहा कि बिहार में इस तरह की कोई स्थिति नहीं बनी है। बिहार में एक भी ओमिक्रोन का मामला सामने नहीं आया है। रात्रि कर्फ्यू सहित अन्य पाबंदियों जैसी स्थिति बिहार में नहीं बनी है। इसलिए फिलहाल इस पर अभी कोई विचार नहीं है।
इससे पहले सीएम नीतीश कुमार , राज्यपाल फागू चौहान और डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद ने स्व अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।इस अवसपर पर सीएम ने कहा कि स्व.अटल जी के साथ मैंने काम किया । उनका स्नेह सदा हमें मिला। वह एक सच्चे राजनेता थे। अटल जी सभी के दिलों पर राज करते थे। अटल जी उन बिरले नेताओं में से एक थे, जिनके कायल सभी दलों के नेता थे। इस मौके पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि करोड़ों लोगों की प्रेरणा के स्रोत, प्रखर राष्ट्रवादी नेता एवं पूर्व प्रधानमन्त्री ‘भारत-रत्न’ श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी ने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्र को समर्पित किया। मन, कर्म और वचन से सच्चे राष्ट्रवादी अटल जी जनता के मन की बात समझते और बोलते थे। अपने कार्यों से अटल जी की छवि इस देश के एक ऐसे जनप्रिय राष्ट्रीय नेता के रूप में उभरी, जिसने सत्ता को सेवा का माध्यम माना और राष्ट्रहितों से समझौता किए बगैर बेदाग राजनीतिक जीवन जिया।
उन्होंने कहा कि अटल जी की इसी छवि और समर्पण की वजह से देश की जनता आज भी अपनी सामाजिक और राजनीतिक सीमाओं से बाहर जा कर उन्हें प्यार और सम्मान देती है। उनका जीवन हमेशा हमारी प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा और उनके विचार एवं नीतियां सदैव पथ प्रदर्शित करती रहेंगी।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद,विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पाण्डे, पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन, जल संसाधन सह सूचना एवं जन सम्पर्क मंत्री संजय कुमार झा, परिवहन मंत्री श्रीमती शीला कुमारी, सांसद डॉ संजय जायसवाल, सांसद रविशंकर प्रसाद, सांसद रामकृपाल यादव, विधायक नन्द किशोर यादव, विधायक संजीव चौरसिया सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों, सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने भी स्व अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।इस अवसर पर सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग द्वारा आरती-पूजन एवं देश भक्ति गीतों का गायन भी किया गया।



