
बिहार में आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश
पटना- 5 मई। राजधानी पटना सहित बिहार के अधिकांश जिलों में गुरुवार को सुबह तेज आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश हुई। बारिश के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली है। पटना का तापमान घट कर 25 डिग्री हो गया है।
पटना में सुबह से ही मौसम ठंडा था और आसमान में बादल छाए हुए थे। पटना के अलावा आरा, छपरा, सीवान, बक्सर समेत कई जिलों में तेज हवा के साथ बारिश हुई है। तेज आंधी को देखते हुए बिजली विभाग ने अधिकतर इलाकों में बिजली काट दी है। साथ ही आंधी और तेज बारिश को लेकर मौसम विभाग ने 10 जिलों में अलर्ट भी जारी किया है। लोगों से अपील की गयी है कि सभी अपने घर में ही रहें। आंधी और बारिश थमने के बाद ही घर से बाहर निकलें।
मौसम विभाग के अनुसार बिहार के कई जिलों में आज दिनभर में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि हवा का रुख परिवर्तित होने के कारण मौसम बदला है। ऐसा प्री मानसून में होता है। इस बारिश का असर अगले 24 घंटे तक रहेगा। इस दौरान राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवा भी चलेगी। आज हुई बारिश का असर पश्चिमी और पूर्वी चंपारण में अधिक रहा है। यहां तेज रफ्तार में हवा चलने के साथ गरज और बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई है।
मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर बिहार के 19 जिलों में 24 घंटे के दौरान मौसम ऐसे ही बना रहेगा। मुजफ्फरपुर, वैशाली, पटना, अरवल, जहानाबाद और नालंदा जिले को लेकर अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी और पूर्वी चंपारण में बारिश का असर अधिक रहा है। यहां तेज रफ्तार में हवा चलने के साथ गरज व बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई है। बिहार में अगले हफ्ते तक लू नहीं चलेगी।
उत्तर और पूर्व बिहार के कई जिलों में आंधी-पानी के कारण बीते कल राज्य में अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री नीचे तक पहुंच गया है। दक्षिणी बिहार में यह दो से तीन डिग्री और उत्तरी बिहार में तीन से सात डिग्री नीचे तक दर्ज किया गया है।



