
बिहार: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के नौवें चरण का मतदान शुरु
पटना-29 नवंबर। प्रदेश में चल रहे त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के नौवें चरण में आज 35 जिलों के 53 प्रखंडों में सुबह आठ बजे से मतदान शुरु हो गया है। इस मतदान के लिए 7,598 भवनों में 12 हजार 341 बूथ बनाए गए हैं। पिछले कुछ चरणों में पंचायत चुनाव के दौरान हिंसा की घटनाएं देखने को मिली है लिहाजा इस बार पहले से और ज्यादा सख्ती बरती जा रही है।
नौवें चरण में 97 हजार 878 उम्मीदवार मैदान में हैं। इसमें 46 हजार 164 पुरूष और 51 हजार 714 महिला उम्मीदवार हैं। नौवें चरण में कुल 68 लाख 10 हजार 413 मतदाता अपने लिए गांव की सरकार चुनेंगे।
बिहार में पंचायत चुनाव के नौवें चरण का मतदान आज यानी सोमवार को हो रहा है। इस चरण के पुरे हो जाने के बाद राज्य में और दो चरणों का मतदान शेष रह जाएगा। 10वें एवं 11वें चरण का मतदान और मतगणना दिसंबर महीने में पूरी करा ली जाएगी। तथा उसके बाद पंचायत सरकार का गठन कराया जाएगा। जिसके शपथ ग्रहण की तिथियां चुनाव आयोग के दिशानिर्देशों पर स्थानीय प्रशासन जारी करेगी। शपथ ग्रहण के बाद पंचायत सरकार अपने कामकाज करना शुरू कर देगी।



