
बिहार को विशेष राज्य का दर्जा मिलना नितांत आवश्यक: JDU
पटना- 09 फरवरी। प्रदेश जदयू अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा है कि बिहार के समुचित विकास के लिए विशेष राज्य का दर्जा मिलना नितांत आवश्यक है। विशेष राज्य का दर्जा मिलने पर बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में हुए विकास को और गति मिल जाएगी और हमलोग विकसित राज्यों की श्रेणी में खड़े हो पाएंगे। यही कारण है कि हमलोग लगातार विशेष राज्य के दर्जा की मांग कर रहे हैं।
उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि हमारी इस मांग को राजनीतिक नजरिये से देखने की बजाय उदार दृष्टि से देखा जाना चाहिए। विशेष राज्य का दर्जा मिलने पर नीतीश कुमार के नेतृत्व में हुए राज्य के समावेशी विकास में चार चांद लग जाएंगे। नीतीश कुमार के कार्यकाल में बिहार में हुए विकास के अनगिनत कार्यों ने देश-दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचा है। 2005 में जिस बिहार का बजट महज 23 हजार 800 करोड़ था, 2021 में वही 2 लाख 18 हजार 302 करोड़ से अधिक का हो गया और प्रति व्यक्ति जो आय 2004-05 में 7,914 रुपए मात्र थी, 2019-20 में वो बढ़कर 50,735 रुपए हो गई।
इसके बावजूद हमें यह ध्यान में रखना होगा कि झारखंड के अलग होने के बाद बिहार की अर्थव्यवस्था कृषि पर निर्भर हो गई है और हर साल हमें बाढ़ और सूखे की मार से हजारों करोड़ का नुकसान होता है। यह नीतीश कुमार का करिश्माई नेतृत्व है कि ऐसी तमाम चुनौतियों के बावजूद और औद्योगीकरण के बिना भी बिहार की विकास दर 2005 से अब तक डबल डिजिट में रही है। ऐसे में अगर इसे विशेष राज्य का दर्जा मिल जाय तो विकसित राज्यों के साथ कदम से कदम मिलाने में हमें अधिक वक्त नहीं लगेगा।



