
बिहार के 7 जिलों में वज्रपात से 16 की मौत, CM ने जताया शोक, 4-4 लाख की घोषणा
पटना- 28 जून। बिहार के सात जिलों में आकाशीय बिजली और आंधी तूफान की चपेट में आने से मंगलवार को 16 लोगों की मौत होने की खबर है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने घटनाओं पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये देने की घोषणा की।
मंगलवार को वज्रपात से पूर्वी चम्पारण में चार, भोजपुर में तीन, सारण में तीन, पश्चिम चम्पारण में दो, अररिया में दो, बांका में और मुजफ्फरपुर में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है। लोगों की असमय मौत पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने प्रभावित परिवारों के प्रति अपनी गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में वे प्रभावित परिवारों के साथ हैं। मुख्यमंत्री ने सभी मृतक के परिजनों को तत्काल चार – चार लाख रूपये अनुग्रह अनुदान देने के निर्देश दिये हैं। मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की है कि सभी लोग खराब मौसम में पूरी सतर्कता बरतें। खराब मौसम होने पर वज्रपात से बचाव के लिये आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा समय-समय पर जारी किये गये सुझावों का अनुपालन करें। खराब मौसम में घरों में रहें और सुरक्षित रहें।
उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने अपनी शोक संवेदना में कहा कि यह घटना अत्यंत मर्माहत करने वाली है। हमारी संवेदनाएं सभी मृतक परिवार के साथ हैं। उन्होंने संबंधित जिला के आपदा प्रबंधन के पदाधिकारियों को प्रावधान के अनुरूप सभी मृतक परिवार के आश्रितों को मुआवजा की राशि शीघ्र मुहैया कराने के निर्देश दिए।
उपमुख्यमंत्री ने वज्रपात की घटना में सभी मृतकों के दिवंगत आत्मा को चिरशांति एवं दु:ख की घड़ी में प्रभावित परिवार के परिजनों को धैर्य और संबल प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।



