
बिजली का करंट लगने से ताजिए ले जा रहे 3 युवकों की मौत
धौलपुर- 30 जुलाई। धौलपुर में मोहर्रम के मौके पर ताजियों के जुलूस के दौरान बडा हादसा हो गया। मोहर्रम के दूसरे दिन रविवार सुबह ताजियों काे करबला ले जा रहे तीन युवकों की बिजली का करंट लगने से मौत हो गई। हादसे में एक युवक को गंभीर हालत में उपचार के लिए धौलपुर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, मुस्लिम समाज के तीन युवकों की मौत के बाद इलाके में मातम पसर गया है। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने जिला अस्पताल चौराहा पर जाम लगा दिया तथा शासन और सरकार के विरुद्व जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन कर रहे लोगों की मांग पर बिजली निगम के दो कार्मिक तथा दो पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार हादसा धौलपुर के पुराना शहर इलाके में हुआ। मोहर्रम के दूसरे दिन रविवार को पुराना शहर के इस्लामपुरा इलाके के लोग ताजियों को दफन करने के लिए शेरगढ किला इलाके में स्थित पुराने करबला में जा रहे थे। ताजियों के जुलूस में आठ ताजिए निकल चुके थे। लेकिन नवे ताजिए को ले जा रहे इस्लामपुरा और शैतानपुरा के रहने वाले युवक मुवीन (25) पुत्र दिलशान, अनवर (19) पुत्र मुनव्वर, रिहान (18) पुत्र साबिर और वसीम (18) पुत्र दिलशाद ताजिया ऊंचा होने की वजह से 11 हजार केवी के तार की चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई तथा लोग करंट की चपेट में आए चारों युवकों को लेकर धौलपुर के जिला अस्पताल पंहुचे। जिला अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने करीब एक घंटे तक चारों को सीपीआर देकर बचाने की कोशिश की। इसके बाद में एक युवक वसीम को होश आ गया, लेकिन तीन अन्य की मौत हो गई। उधर,करंट के हादसे में तीन युवकों की मौत के बाद इलाके में मातम फैल गया। हादसे के गुस्साए जिला अस्पताल के बाहर चौराहे पर एकत्रित हो गए तथा जाम लगा दिया। हादसे की सूचना मिलने पर धौलपुर के पूर्व विधायक अब्दुल सगीर खान मौके पर पंहुचे तथा लोगों को समझाया। कुछ ही देर बाद जिला कलेक्टर अनिल कुमार अग्रवाल, एसपी मनोज कुमार, धौलपुर विधायक शोभारानी कुशवाह और शहर काजी मोहम्मद मतीन खां गौरी भी माैके पर पंहुचे तथा प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाया। इसके बाद में मृतकों के परिजनों से प्रशासन एवं जन प्रतिनिधियों ने कोतवाली में वार्ता की। प्रशासन ने कहा कि यह एक दर्दनाक हादसा है तथा मृतकों के परिजनों के साथ में शासन और सरकार की पूरी हमदर्दी है। मामले की पूरी जांच करा कर दोषियों के विरुद्व कार्रवाई की जाएगी तथा सरकार से उचित मुआवजा दिलाया जाएगा। इसके बाद में परिजन मान गए। लेकिन इसके बावजूद कुछ लोग सभी मांगों पर लिखित में गांरटी देने की मांग को लेकर प्रदर्शन करते रहे।



