
फर्जी जमानत लेने वाले अब जाएंगे जेल, 99 चिन्हित
फिरोजाबाद- 5 मई। जनपद में फर्जी जमानतियों के विरुद्ध पुलिस द्वारा अभियान चलाया जा रहा है। अब तक 99 फर्जी जमानतियों को चिन्हित किया जा चुका है, जिनके विरुद्ध कार्यवाही की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी ने गुरुवार को बताया कि जनपद में फर्जी जमानत लेने वाले जमानतदारों की लगातार शिकायतें मिल रही थी। जिस पर संज्ञान लेते हुये जनपद के समस्त कोर्ट पैरोकार और कोर्ट मोहर्रिरों के माध्यम से विभिन्न अभियोगों में फर्जी जमानत लेने वाले कुल 99 व्यक्तियों को चिन्हित किया गया है, जिसमें थाना शिकोहाबाद से सर्वाधिक 15, सिरसागंज से 11, दक्षिण से 9, टूण्डला से 7, रसूलपुर से 7, रामगढ़ से 6, मक्खनपुर 6, पचोखरा से 5, खैरगढ़ से 5, मटसेना से 4, लाइनपार से 4, बसई मोहम्मदपुर से 04, नसीरपुर से 4, जसराना से 4, नगला खंगर से 3, उत्तर से 1 फर्जी जमानत लेने वाले व्यक्तियों को चिन्हित किया गया है।
उन्होंने बताया कि इनके विरुद्ध संबंधित क्षेत्राधिकारी द्वारा जांच की जा रही है, इसके साथ ही सभी पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि जांच के दौरान फर्जी पाये जाने वाले जमानतदारों पर नियमानुसार दण्डात्मक विधिक कार्यवाही करना सुनिश्चित करें। एसएसपी ने बताया कि फर्जी जमानतदारों के विरुद्ध यह अभियान जनपद में लगातार जारी रहेगा।



