
प्रेम प्रसंग में महिला की हत्या में युवक गिरफ्तार
नई दिल्ली- 17 अक्टूबर। उत्तरी दिल्ली के सदर बाजार थाना इलाके में अगस्त महीने में हुई एक महिला की गला रेतकर हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित की पहचान दीपक के रूप में हुई है। यह पूर्वी दिल्ली के नंद नगरी इलाके का रहने वाला है। आरोपित ने अगस्त महीने में सुबह-सुबह महिला की उसके घर में घुसकर हत्या कर दी थी। जब उस समय महिला का पति काम पर बाहर गया हुआ था और दो बच्चे ही घर में मौजूद थे।
पुलिस को मामले की सूचना उस दिन दोपहर में मिली थी। उसे मामले की जांच कर रही पुलिस टीम लगातार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगी हुई थी। टेक्निकल सर्विलांस की मदद ली जा रही थी। हत्या की यह वारदात प्रेम प्रसंग में हुई थी। पता चला है कि पहले महिला यमुनापार इलाके में रहती थी। वहीं पर इस युवक से उसकी दोस्ती हुई थी। बाद में महिला अपने परिवार के साथ सदर बाजार के दर्जियान इलाके में किराए के मकान में रहने लगी थी। महिला का शव दूसरी मंजिल पर कमरे में बेड पर पड़ा हुआ पुलिस को मिला था। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।



