
पूरे भारत में नक्सली घटनाओं में बिहार में सबसे अधिक कमी आई है: DGP
गया- 25 मई। बिहार में नक्सली घटनाओं में काफी कमी आई है। पूरे देश को सामने रखकर देखें तो बिहार में नक्सली गतिविधियों को नियंत्रित करने में पुलिस काफी हद तक सफल रही है। पूरे देश में अन्य राज्यों की अपेक्षा बिहार में नक्सली घटनाओं में काफी कमी आई है। उक्त बातें पुलिस महानिदेशक एस के सिंघल ने बुधवार को गया में मीडियाकर्मियों को बताया।
डीजीपी सिंघल ने पूछे जाने पर बताया कि कई एजेंसियां से आतंकवाद से लेकर कई अन्य विषयों पर इनपुट मिलते रहती है। इनमें बोधगया आतंकी संगठनों के निशाने पर है का इनपुट है। पुलिस इनपुट प्राप्त होते ही अपना काम करती रहती है।डीजीपी ने कहा कि गया में अधिकारियों के साथ बैठक करने का मुख्य उद्देश्य आपस में बातचीत करना था। बातचीत के क्रम में पुलिससिंग को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। कैसे कांडों का निष्पादन करना है? गिरफ्तारी और कुर्की वारंटों का कैसे तामिला करना है? फरार अपराधियों को पकड़ने के लिए क्या अधिकारियों से अपेक्षा है?
डीजीपी श्री सिंघल ने आगे कहा कि सरकार की नीतियों को लागू करने के लिए जो भी आवश्यक कार्रवाई है, उसे सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया है।मगध रेंज के आईजी बिनय कुमार, एसएसपी हरप्रीत कौर, सिटी एसपी राकेश कुमार सहित जिले के सभी अनुमंडलीय पुलिस अधिकारी एवं अन्य उपस्थित थे।



