
पिता का सम्मान न करने वाले अखिलेश किसी और का क्या सम्मान करेंगे: स्वाति सिंह
कानपुर- 22 दिसम्बर। मिशन शक्ति संगम अभिनन्दन समारोह का आयोजन बुधवार को बिठूर के नाना राव स्मारक पेशवा पार्क में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिला कल्याण व बाल विकास एवं पुष्टाहार राज्यमंत्री स्वाति सिंह ने शामिल होने बुधवार को कानपुर पहुंची। उन्होंने यहां मंच से समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा बीजेपी की जन यात्रा पर किये गए तंज पर पलटवार किया।
राज्यमंत्री ने कहा कि अखिलेश यादव के मन में पिता के लिए सम्मान नहीं, तो किसी पार्टी या किसी और दल के लिए क्या सम्मान होगा। इसके बाद कुछ और कहने को बचा भी नहीं है। जिस बेटे के मन में पिता के लिए सम्मान नहीं है वो किसी और का सम्मान क्या करेगा।
महिला कल्याण व बाल विकास एवं पुष्टाहार राज्यमंत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित छात्राओं को स्वयं के अधिकार व बचाव के तरीकों के बारे में जानकारी दी। इसके साथ कहा कि किसी भी समस्या होने पर छात्राएं 112 नम्बर मिलाएं और अन्य लोगों को भी समस्या के निदान के लिए 112 नम्बर मिलाने के लिए प्रेरित करें। राज्यमंत्री ने बताया कि बीते चार माह से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पुलिस कर्मियों व अन्य लोगों का प्रोत्साहित करते हुए सम्मानित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सर्वप्रथम महिला कल्याण व बाल विकास एवं पुष्टाहार राज्यमंत्री के साथ महापौर प्रमिला पाण्डेय, विधायक अभिजीत सिंह सांगा, महिला आयोग की सदस्य पूनम कपूर, पुलिस कमिश्नर असीम अरुण ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान इंडियन आइडल कार्यक्रम की प्रतिभागी गायिका फरहान नाज के द्वारा देश भक्ति गीतों ने समां बांध दिया। मिशन शक्ति के कार्यक्रम में स्कूल व कॉलेजों की छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।



