
पांच दिनों में बिहार के सभी जिलों में पहुंच जाएंगे ऑक्सीजन सिलेंडर
पटना- 01 जनवरी। बिहार के सभी जिलों में पांच दिनों के अंदर ऑक्सीजन सिलेंडर पहुंचा दी जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने राज्य में ओमिक्रोन के बढ़ते खतरे एवं कोरोना संक्रमण की तेज रफ्तार के बाद सुदूर ग्रामीण इलाकों में स्थित अस्पतालों सहित अन्य अस्पतालों में ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध कराने का निर्णय किया है।
राज्य स्वास्थ्य समिति ने ऑक्सीजन सिलेंडरों का आवंटन सभी जिलों के लिए निर्धारित कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक जल्द ही सभी ऑक्सीजन सिलेंडरों को जिलों में भेज दिया जाएगा। जिलों व अस्पतालों को ऑक्सीजन सिलेंडर आवंटन की जानकारी जिलों के सिविल सर्जन, राज्य स्वास्थ्य समिति के निदेशक, सभी मेडिकल कॉलेज अस्पतालों के अधीक्षक एवं सभी जिलों के जिला कार्यक्रम प्रबंधक को दे दी गई है।
राज्य के सभी जिलों में करीब 32 हजार ऑक्सीजन सिलेंडरों की आपूर्ति की जाएगी। बिहार चिकित्सा सेवाएं आधारभूत संरचना विकास निगम (बीएमएसआईसीएल) के माध्यम से इन सिलेंडरों की आपूर्ति जिलों तक होगी। इनमें छोटे व बड़े ऑक्सीजन सिलेंडर (बी टाइप एवं डी टाइप सिलेंडर) दोनों शामिल हैं।



