
पश्चिम बंगाल में दो लुप्तप्राय सफेद हिमालयी साही ज़ब्त
कोलकाता- 19 दिसंबर। पश्चिम बंगाल के बर्दवान रेलवे स्टेशन पर वन्यजीव तस्करों के चंगुल से दो हिमालयी सफेद साही को बरामद किया गया है। वन विभाग के अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। इन दुर्लभ प्रजातियों को ले जा रहे तीन लोगों को राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के जवानों ने रविवार देर रात कंचनजंघा एक्सप्रेस के एक डिब्बे से पकड़ा है।
गिरफ्तार लोगों की पहचान गणेश साव, पिंटू कुमार और तरुण कुमार घोष के रूप में हुई है। तरुण घोष रेलवे में संविदा कर्मचारी हैं, जो कोलकाता का निवासी हैं। गणेश झारखंड के गिरिडीह का रहने वाला है, जबकि कुमार दिल्ली का रहने वाला है। जीआरपी के अधिकारियों ने साही को स्थानीय वन परिक्षेत्र कार्यालय को सौंप दिया है।
वन अधिकारी काजल विश्वास ने सोमवार को मीडियाकर्मियों को बताया कि वन विभाग के राज्य के पशु चिकित्सा अधिकारी वर्तमान में बचाए गए दोनों जानवरों की स्वास्थ्य स्थिति की जांच कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे अच्छे स्वास्थ्य स्थिति में लग रहे हैं। जांच के बाद, हमारे अधिकारी उनके अगले गंतव्य के बारे में फैसला करेंगे।
प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि साही को कोलकाता के सियालदह ले जाया जा रहा था, जहां उन्हें किसी अन्य व्यक्ति को सौंपना था। गिरफ्तार व्यक्तियों ने स्वीकार किया है कि उन्हें त्रिपुरा के धर्मनगर से दोनों साही दी गई थी और उन्हें कोलकाता लाने के इरादे से तीनों तस्कर कंचनजंगा एक्सप्रेस में सवार हुए थे।



