
परीक्षा का प्रश्नपत्र लेकर जा रहे बरौनी CO की गाड़ी में NH-31 पर टैंकर ने मारी टक्कर, सीओ सहित पुलिस कर्मी जख्मी, गाड़ी चकनाचूर
बेगूसराय- 08 फरवरी। राष्ट्रीय उच्च पथ (एनएच)-31 पर बुधवार को टैंकलोरी एवं अंचलाधिकारी (सीओ) के सरकारी वाहन की टक्कर में सीओ की सरकारी गाड़ी जहां चकनाचूर हो गई। वहीं, इस हादसे में सीओ के साथ वाहन पर सवार पुलिस कर्मी बुरी तरह से घायल हो गए। हादसे में सीओ भी चोटिल होकर बाल-बाल बच गए हैं। घटना सिंघौल सहायक थाना क्षेत्र के सिंघौल चौक के समीप की है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों द्वारा सभी घायलों को बगल के ग्लोकल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। जहां कि इलाज के बाद सभी ठीक हो गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक महकमा में हलचल मच गई। सदर एसडीओ रामानुज प्रसाद सिंह सहित कई प्रशासनिक पदाधिकारी अस्पताल पहुंच कर घायलों का हालचाल जाना। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है।

बताया जा रहा है कि बरौनी सीओ सुजीत सुमन परीक्षा ड्यूटी में थे। बुधवार को वे प्रश्न पत्र लेकर परीक्षा केंद्र की ओर जाने के एनएच के कट पर मुड़ रहे थे। इसी दौरान सामने से तेज गति से आ रहे अनियंत्रित टैंकर ने टक्कर मार दिया, जिसमें सभी घायल हो गए। हादसे में घायल सभी लोगों को स्थानीय लोगों के सहयोग से अस्पताल ले जाया गया तथा पुलिस ने दोनों वाहन को साइड कर यातायात चालू कराया। ग्लोकल हॉस्पिटल के चिकित्सकों ने बताया कि पुलिस कर्मी उदय कुमार झा के सर में चोट लगी है और दस टांका लगा है। पुलिस कर्मी अनिल कुमार सिंह को भी सर में चोट लगी और तीन टांका लगा है। अंचलाधिकारी सुजीत सुमन एवं उनका चालक धर्मेन्द्र कुमार सुरक्षित हैं।



