
परमबीर सिंह के खिलाफ तीसरा गैरजमानती वारंट जारी
मुंबई- 10 नवम्बर। मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह के विरुद्ध रंगदारी वसूली मामले में बुधवार को मुंबई के मैजिस्ट्रेट कोर्ट ने तीसरा गैरजमानत वारंट जारी किया है। मैजिस्ट्रेट कोर्ट के जज आर.एम. नारलीकर ने स्टेट सीआईडी को तत्काल परमबीर सिंह को पकड़कर कोर्ट में पेश करने का आदेश दिया है। इससे पहले मुंबई सेशन कोर्ट व ठाणे जिला कोर्ट की ओर से परमबीर सिंह के विरुद्ध गैरजमानती वारंट जारी किया जा चुका है।
मुंबई स्थित मैजिस्ट्रेट कोर्ट में सरकारी वकील शेखर जगताप ने कहा कि मरीन ड्राइव पुलिस स्टेशन में व्यवसायी श्यामसुंदर अग्रवाल की ओर से दर्ज रंगदारी वसूली मामले में स्टेट सीआईडी परमबीर सिंह से पूछताछ करने के लिए समन जारी कर चुकी है, लेकिन परमबीर सिंह जांच के लिए उपलब्ध नहीं हो सके। इस मामले में दो पुलिस निरीक्षक आशा कोरके व नंदकुमार गोपाले को स्टेट सीआईडी ने सोमवार को गिरफ्तार किया है। परमबीर सिंह जांच के लिए उपलब्ध नहीं हो रहे हैं, इसलिए उनके विरुद्ध गैरजमानती वारंट जारी किया जाए। इसके बाद कोर्ट ने परमबीर सिंह के विरुद्ध गैरजमानती वारंट जारी कर दिया है।



