
पटना सहित बिहार के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश,वज्रपात से 1 की मौत
पटना- 12 जनवरी। बिहार में पटना सहित दक्षिण-मध्य बिहार में हुई बारिश और वज्रपात की वजह से फसलों के साथ-साथ 72 वर्षीय एक वृद्ध पुरुष की मौत हो गई। साइक्लोनिक सकुर्लेशन के प्रवेश करने और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी की वजह से मौसम में बदलाव हुआ है। इसका असर 14 जनवरी तक रह सकता है। 15 जनवरी को मौसम साफ होगा।
वैशाली में वज्रपात से वृद्ध की मौत—
वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-05 में वज्रपात से बुधवार को एक वृद्ध की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेज दिया। बिदुपुर पुलिस थाना के मुताबिक बाजीतपुर पंचायत के वार्ड संख्या-5 के गोविंदपुर गांव निवासी स्व. जगनारायण सिंह का पुत्र चंद्रशेखर सिंह (72) घर से कुछ ही दूरी पर खेत में बने बथान (गाय-बैल-भैस रखने की जगह) पर था। उसी समय तेज हवा के साथ हो रही वर्षा में अचानक से वज्रपात भी हुआ, जिससे उसकी मौत हो गई।
बिहार के प्रमुख शहरों का अधिकतम और न्यूनतम तापमान—
अधिकतम न्यूनतम—
पटना 22.0 15.0, मुजफ्फरपुर 22.4 15.0, गया 20.8 14.8, भागलपुर 23.6 15.5, मोतिहारी 24.0 12.5, पूर्णिया 23.5 13.9



