
पंजाब में बेहतर कानून व्यवस्था देगी आप सरकार : केजरीवाल
नई दिल्ली-07 अप्रैल। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार पंजाब में एक बेहतर कानून व्यवस्था देने के लिए प्रतिबद्ध है, जिसे वहां के मुख्यमंत्री भगवंत मान पूरा करेंगे।
केजरीवाल ने गुरुवार को ट्वीट कर पंजाब के सीएम भगवंत मान के उस फैसले का स्वागत किया जिसमें मान ने राज्य में कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पंजाब के सभी अधिकारियों को पत्र लिखा था।
उल्लेखनीय है कि गुरुवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य के सभी पुलिस कमिश्नर और एसएसपी को पत्र लिखकर बड़े स्तर पर गैंगस्टर्स के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा है। बीते दिनों उन्होंने एंटी गैंगेस्टर टास्क फोर्स के गठन करने का आदेश भी दिया था। मान ने अपने बयान में कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था दुरुस्त करने और आम आदमी की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उनकी सरकार बहुत गंभीर है।



