
पंचायत चुनाव:- नामांकन में भीड़ जुटाने के लिए उम्मीदवार, लौंडा नाच का ले रहे सहारा
भोजपुर-29 अक्टूबर। भोजपुर जिले के बड़हरा प्रखण्ड में होने वाले पंचायत चुनाव के दसवें चरण के नामांकन को लेकर उम्मीदवार अपने समर्थकों और मतदाताओं को लुभाने के लिए तरह तरह के हथकंडे अपना रहे हैं। पंचायत चुनाव के नामांकन के लिए समर्थको के साथ बड़हरा प्रखण्ड मुख्यालय पहुंच रहे उम्मीदवारों में कोई हाथी,घोड़ा,ऊंट पर सवार होकर नामांकन दाखिल करने पहुंच रहा है तो कोई डीजे की धुन पर लौंडा नाच कराते नामांकन दाखिल कराने पहुंच रहा है।जिले के बड़हरा प्रखण्ड मुख्यालय में शुक्रवार को नामांकन दाखिल कराने पहुंचे कई उम्मीदवारों के तामझाम को देखने के लिए आसपास के लोगो की भीड़ जुट गई।
बखोरापुर पंचायत के मुखिया पद के उम्मीदवार अजय सिंह ऊंट पर बैठकर अपने समर्थको के साथ बड़हरा प्रखण्ड कार्यालय पहुंचे और नामांकन दाखिल किया।एक तरफ दर्जनों हाथी,घोड़े और ऊंट की कतार लगी थी तो दूसरी तरफ बखोरापुर पंचायत के मुखिया पद के उम्मीदवार के सैकड़ो समर्थको का काफिला नारे लगाते हुए प्रखण्ड कार्यालय पहुंचा हुआ था।फरना पंचायत के मुखिया पद के उम्मीदवार भी कहाँ पीछे रहने वाले थे उन्होंने डीजे की धुन और ढोल नगाड़ों के साथ लौंडा नाच तक करा दिया।अपने नामांकन दाखिल करने को ले फरना पंचायत से बड़हरा प्रखण्ड मुख्यालय पहुंचे मुखिया पद के उम्मीदवार के साथ लौंडा नाच चल रहा था और उनके साथ उनके समर्थक लौंडा नाच का जमकर आनंद उठा रहे थे।उम्मीदवार के पक्ष में जमकर समर्थक नारे भी लगा रहे थे।इसे देखने के लिए लोगो की भीड़ बड़हरा प्रखण्ड मुख्यालय में डटी रही। बता दें कि बड़हरा प्रखण्ड में दसवे चरण में चुनाव होना है और 26 अक्टूबर से शुरू हुआ नामांकन दाखिल करने का सिलसिला आगामी एक नवम्बर तक चलेगा।पांच नवम्बर को स्क्रूटनी का कार्य पूरा होगा और उम्मीदवार 8 नवम्बर तक नाम वापस ले सकेंगे।आगामी 8 दिसंबर को यहां दसवें चरण में चुनाव होगा लेकिन फिलहाल बड़हरा प्रखण्ड में होने वाले पंचायत चुनाव के नामांकन के दौरान उम्मीदवार तरह तरह के हथकंडे अपनाकर नामांकन में भीड़ जुटा रहे हैं और लोगो को लुभाने के लिए नए नए तरकीब अपना रहे हैं।



