
नॉलेजग्राम में मना योगोत्सव
पटना- 21 जून। नॉलेजग्राम इंटरनेशनल स्कूल में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज दिनांक 21 जून 2022 को ज़ूम एप्प तथा फेसबुक लाइव के द्वारा योगोत्सव मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जानकी विद्या मंदिर के निदेशक श्री प्रगति गौरव, नॉलेजग्राम के निदेशक डॉक्टर सी बी सिंह, प्राचार्या राधिका किझाक्कूंकरा तथा आज के योग प्रशिक्षक मास्टर विवस्वान ने दीप प्रज्वलित कर किया। ईश्वर वंदना से कार्यक्रम का शुभारंभ बेहद ही अद्भुत हुआ।
विद्यालय के निदेशक डॉक्टर सीबी सिंह ने सभी को यह संदेश दिया कि अगर हमें सफल जीवन जीना है तो योग को अपने दिनचर्या में स्थापित करना होगा, जिससे कि हम शारीरिक- मानसिक रूप से स्वस्थ रहें, और दूसरों को भी ऐसा करने के लिए प्रेरित करें । उन्होंने यह भी बताया कि योग मन, बुद्धि, शरीर और आत्मा में सार्थक समन्यवय स्थापित करता है, छिपी हुई विशिष्ट प्रतिभा को उभारता है तथा यदि मानव जीवन में कुछ भी अपूर्ण रह गया है, तो उसकी प्राप्ति कराता है।
चिर काल से योग का महात्म्य सभी को ज्ञात है, परंतु वैश्विक कोरोना महामारी संकट के समय योग का महत्व और भी बढ़ गया है। योग के महत्व एवं इसकी उपयोगिता को देखते हुए नॉलेजग्राम इंटरनेशनल स्कूल की प्राचार्या के मार्गदर्शन के अंतर्गत यह सफल उत्सव आयोजित हुआ। उन्होंने बताया कि आज का युग हम सभी के लिए बेहद चुनौतियों से भरा है और इस स्थिति को देखते हुए खुद को स्वस्थ रखने के लिए प्रतिदिन योग बहुत ही आवश्यक है ।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण यह रहा कि आज के योग प्रशिक्षण के लिए मास्टर विविस्वान ने शिरकत की जो खुद एक छात्र हैं और योग में उन्होंने अपनी एक अलग पहचान बनाई है। उनके दिशानिर्देशन अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नॉलेजग्राम इंटरनेशनल स्कूल के योग शिविर में विद्यालय के छात्र छात्राओं तथा अभिभावकों ने अपनी क्रियाशील भागीदारी निभाते हुए अनेक प्रकार के योगासन तथा प्राणायामों को सीखा और उसे प्रदर्शित किया।
विद्यालय की प्राचार्या राधिका के. ने अपने संबोधन में यह बताया कि वर्तमान पीढ़ी का भविष्य योग के हाथ है। यदि सभी ने योग की कद्र करते हुए इसे अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाया, तभी विश्व बचेगा और बढ़ेगा, अन्यथा कोविड जैसी महामारियां विश्व को लील जाएंगी। उन्होंने नॉलेजग्राम में योग को सर्वोच्च स्थान देने का विश्वास दिलाया।प्राचार्या ने कार्यक्रम की सफलता हेतु विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं वर्चुअल दर्शकों का धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम में लगभग 200 विद्यार्थियों तथा उनके अभिभावकों ने शिरकत किया। कार्यक्रम राष्ट्रीय गान के साथ समाप्त हुआ।



