
नेपाल के कोशी क्षेत्र में बढ़ा तनाव, पुलिस ने की हवाई फायरिंग
काठमांडू- 22 अप्रैल। नेपाल के प्रांत-1 का नाम बदलकर कोशी प्रांत किए जाने के विरोध में राजधानी विराटनगर में तनाव बढ़ गया है। प्रदर्शन के दौरान पुलिस लाठीचार्ज में मारे गए पदम लिंबू की शनिवार को निकाली गई अंतिम यात्रा के दौरान हुई झड़प के बाद भीड़ बेकाबू हो गई। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग किया, साथ ही आंसू गैस के गोले छोड़े और हवाई फायरिंग भी की।
पिछले दिनों विरोध-प्रदर्शन के दौरान गंभीर रूप से जख्मी लिंबू की 24 मार्च को इलाज के दौरान मौत हो गई थी। तब उनके परिवार ने शव की शिनाख्त करने से इनकार कर दिया था। नामकरण विरोधी प्रदर्शनों में जान गंवाने वाले लोगों को सरकार द्वारा शहीद घोषित करने और मुआवजे का भुगतान करने की मांगों को पूरा करने के बाद परिवार ने शव की शिनाख्त की। इसके बाद लिंबू का आज अंतिम संस्कार करने का निर्णय लिया गया, लेकिन उनकी अंतिम यात्रा के दौरान हुई झड़प के बाद भीड़ बेकाबू हो गई। नामकरण का विभिन्न जातीय समूह विरोध कर रहे हैं।



