
नशा मुक्ति के लिए जीविका दीदियां चला रही अभियान
मधुबनी-24 नवबंर। जिला पदाधिकारी अमित कुमार के निर्देशानुसार नशा मुक्ति अभियान के समर्थन में जिले के विभिन्न विभागों द्वारा कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में बुधवार को जीविका द्वारा जिले के अलग अलग प्रखंडों में कई रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए गए। जीविका जिला परियोजना प्रबंधक ऋचा गार्गी द्वारा जानकारी दी गई। उन्होने बताया कि जिले के लौकही,लदनिया,लखनौर,खुटौना एवं खजौली जैसे प्रखंडों में जीविका दीदियों के द्वारा बुधवार को नशा मुक्ति अभियान के समर्थन में कई रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिनमें जागरूकता रैली,शपथ ग्रहण कार्यक्रम,मेंहदी कार्यक्रम,रंगोली निर्माण एवं परिचर्चा के माध्यम से नशाखोरी की बुराइयों को उजागर करने आदि जैसे कार्यक्रम शामिल हैं। उन्होंने बताया कि जिले भर में जीविका दीदियों में इस प्रकार के आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। आगामी 26 नवंबर 2021 को नशा मुक्ति दिवस के दिन भी जीविका की दीदियां विशेष रूप से अपनी भूमिका निभाएंगी।



