
नगर निगम मधुबनी का रैन बसेरा महिला ग्रुप के जिम्मे
मधुबनी। लंबे अरसे के बाद नगर निगम द्वारा बनाये गये रैन बसेरा का संचालन शुरू हो सका है। इसके संचालन की जिम्मेवारी शहर में बनायी गयी महिला ग्रुप को सौंपी गयी है। महिला ग्रुप को जय भारत सहकारी समिति लिमिटेड से जोड़ दिया गया है। जिसमें अध्यक्ष विमल देवी, सचिव नीलू देवी और कोषाध्यक्ष सावित्री देवी हैं। अध्यक्ष विमल देवी ने बताया कि निगम के प्रावधान के तहत रैन बसेरा का संचालन शुरू हो गया है। आश्रयहीन लोगों को तीन दिन यहां पर मुफ्त में ठहरने का जगह दिया जा रहा है। पुरुष, महिला और दिव्यांग के लिए अगल-अलग व्यवस्था की गयी है। तीन फ्लोर वाले इस भवन में सबसे उपर पुरुष को ठहरने की व्यवस्था की गयी है। वहीं फर्स्ट फ्लोर में महिलाओं को और दिव्यांग जन को गाउंड में ठहराने की व्यवस्था की गयी है। फिलहाल एक सौ लोगों को यहां पर ठहराने का इंतजाम किया गया है। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही यहां पर सस्ते दर पर भोजन का भी इंतजाम किया जायेगा। महिला समिति इसके लिए बजट पर निर्णय नहीं ली है। दुर्गा पूजा के बाद बजट एवं समिति के मुनाफा के साथ ही गरीब को सस्ते दर पर पौष्टिक भोजन उपलब्ध हो सके, इन सभी पहलुओं पर निर्णय लिया जाना बाकी है। मालूम हो कि इस समिति के अंतर्गत एक दर्जन से अधिक महिला स्वयं सहायता समूह हैं। इन समूहों के गठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सामुदायिक संगठक (सीओ) शिवनारायण राम एवं पंकज मिश्रा ने बताया कि यह समूह और बनायी गयी समिति काफी सक्षम है। रैन बसेरा में सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आश्रय लेने वालों के लिए आइडी कार्ड जरूरी होगा। इसके लिए आधार कार्ड को अनिवार्य बनाया गया है। आधार कार्ड लेकर आने वाले आश्रयहीनो का पंजीयन कर तीन दिन ठहरने के लिए बेड उपलब्ध कराया जा रहा है। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से जिला मुख्यालय आने वाले गरीब एवं जरूरतमंदों के लिए यह वरदान बनेगा। क्योंकि जरूरी कार्यो से आने वाले ऐसे लोग होटल या अन्य स्थानों पर गरीबी के कारण नहीं ठहर पाते हैं। और अन्ततः स्टेशन या अन्य स्थानों पर उन्हें एक दो दिन व रात गुजार देना पड़ता है। रैन बसेरा में सोने के लिए चादर,तोशक सहित बेड उपलब्ध कराया गया है। समुचित संख्या में शौचालय एवं बाथरूम का इंतजाम किये गये हैं। महिलाओं की सुरक्षा के लिए अलग से विशेष व्यवस्था की गयी है। टेलीविजन की व्यवस्था यहां पर की गयी है। मेस संचालन के लिए भी सभी बर्त्तन का इंतजाम किया गया है। इसका संचालन सही तरीके से हो इसके लिए मॉनिटरिंग कमेटी बनाया जायेगा। इसकी प्रक्रिया शरू है। रैन बसेरा के हो रहे संचालन के तौर तरीके की जानकारी सिटी मैनेजर नीरज कुमार झा ने ली। उन्होंने संचालन कमेटी के पदाधिकारियों से भी जानकारी ली और जरूरी सुझाव दिये। मौके पर उमेश प्रसाद,मनीष कुमार सिंह,अमित कुमार व अन्य थे।
क्या कहते हैं प्रबंधक-
शहरी आजीविका मिशन के प्रबंधक आलोक मोहन मिश्रा ने बताया कि रैन बसेरा के सफल संचालन के लिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रह है। इसका लाभ आश्रयहीन लोगों को मिलने लगा है। इसके लिए प्रचार प्रसार भी किया जा रहा है।



