
देश की प्रमुख 51 नदियों में विसर्जित होंगी एसएन सुब्बाराव भाई जी की अस्थियां
मुरैना/मध्य प्रदेश- 30 अक्टूबर। चम्बल के शांतिदूत गांधीवादी डा. एसएन सुब्बाराव भाई जी की अस्थियों को देश की प्रमुख नदियों में विसर्जित करने के लिये भेजा गया है। विशेषकर हिन्दू संस्कृति के अनुसार उत्तरप्रदेश के प्रयागराज संगम तथा मध्यप्रदेश के श्योपुर त्रिवेणी रामेश्वरम संगम के लिए अस्थि कलश यात्रायें रवाना कीं गईं हैं। बीते बुधवार को राजस्थान के जयपुर में प्रसिद्ध गांधीवादी पद्मश्री डॉ एसएन सुब्बाराव का निधन हो गया था।
दूसरे दिन गुरूवार को गांधी सेवा आश्रम जौरा में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। शनिवार को अस्थि संचय पश्चात प्रमुख रूप से देश की 51 नदियों में अस्थि विसर्जन का निर्णय लिया गया। इसके अलावा देशभर से अंतिम संस्कार में शामिल होने आए भाईजी के अनुयायी अपने-अपने क्षेत्रों की प्रमुख नदियों में विसर्जन के लिए अस्थि कलश ले गए हैं। शनिवार को शोकसभा के पश्चात गांधी सेवा आश्रम समिति की विशेष बैठक भी आयोजित की गई। जिसमें एकता परिषद के अन्तर्राष्ट्रीय संयोजक पीव्ही राजगोपाल राजू भाई को समिति का अध्यक्ष चुन लिया गया है। यह पद भाई सुब्बाराव जी के निधन के बाद रिक्त हुआ है। वहीं राजू भाई के अध्यक्ष निर्वाचित होने के पश्चात रिक्त उपाध्यक्ष पद पर कैलाश पाराशर श्योपुर का निर्वाचन हुआ है।



