
दिल्ली सरकार के वित्तपोषित कॉलेजों के लिए 100 करोड़ जारी
नई दिल्ली- 28 जून। दिल्ली सरकार ने दिल्ली विश्वविद्यालय के अपने वित्तपोषित 12 कॉलेज के लिए दूसरी तिमाही में 100 करोड़ रूपये जारी किए हैं। बुधवार को एक पत्रकार वार्ता के माध्यम से उच्च शिक्षा मंत्री आतिशी ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने साझा किया कि दिल्ली में केजरीवाल सरकार के आने के बाद से इन कॉलेजों को दिए जाने वाले बजट में 3 गुणा से ज्यादा की बढोत्तरी हुई है जो शिक्षा के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
आतिशी ने कहा कि, दिल्ली सरकार के लिए शिक्षा हमेशा सबसे बड़ी प्राथमिकता रही है। उन्होंने कहा कि स्कूलों के साथ-साथ अरविन्द केजरीवाल सरकार ने उच्च शिक्षा पर ध्यान केन्द्रित किया और तीन नई यूनिवर्सिटी खोलीं, मौजूदा यूनिवर्सिटीज का विस्तार किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली की उच्च शिक्षा में दिल्ली सरकार द्वारा पूर्णतः वित्तपोषित 12 दिल्ली विश्वविद्यालय के कॉलेजों महत्वपूर्ण भूमिका निभाते है।
उन्होंने बताया कि, दिल्ली सरकार ने इन कॉलेजों को दिए जाने वाले फंड में पिछले 8 साल में 3 गुणा का इजाफा हुआ है। 2014-15 में इन कॉलेजों को 132 करोड़ रूपये आवंटित किये गए थे, आज 2023-24 में आवंटन की राशि 3 गुणा बढ़कर 400 करोड़ हो गई है। इन कॉलेजों में पिछले कुछ सालों से वित्तीय कुप्रबंधन के कई मुद्दे सामने आये लेकिन अरविन्द केजरीवाल सरकार ने ये निर्णय लिया है कि मैनेजमेंट के कारण, एडमिनिस्ट्रेशन की गलतियों की वजह से उन कॉलेजों के शिक्षकों और विद्यार्थियों का नुकसान नहीं होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि हालांकि कुछ कॉलेजों का ऑडिट चल रहा है फिर भी शिक्षकों की बेहतरी का ध्यान रखते हुए, उनके मेडिकल बेनिफिट, पेंशन बेनिफिट्स जो वित्तीय कुप्रबंधन की वजह से रुके हुए थे, इसका ध्यान रखते हुए दिल्ली सरकार, दिल्ली विश्वविद्यालय के इन 12 कॉलेजों के लिए 100 करोड़ रूपये का फंड जारी कर रही है।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2014-15 में इन कॉलेजों को 132 करोड़ रूपये का ग्रांट दिया गया था| केजरीवाल सरकार के सत्ता में आने के बाद से वर्ष 2015-16 में 147 करोड़ रुपये, वर्ष 2016-17 में 156 करोड़ रुपये, वर्ष 2017-18 में 171 करोड़ रुपये, वर्ष 2018-19 में 213 करोड़ रूपये,वर्ष 2019-20 में 235 करोड़ रूपये, वर्ष ,2020 -21 में 265 करोड़ रूपये , वर्ष 2021-22 में 308 करोड़ रूपये, वर्ष 2022-23 में 361 करोड़ रूपये और इस साल इन कॉलेजों को 400 करोड़ की राशि आवंटित की गई है।



