
दिल्ली मेट्रो ने जीता “सर्वश्रेष्ठ यात्री सेवा एवं संतुष्टि” पुरस्कार
नई दिल्ली-30 अक्टूबर। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) को केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय द्वारा प्रतिष्ठित ‘अवार्ड फॉर एक्सीलेंस इन अर्बन ट्रांसपोर्ट’ से सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार सर्वश्रेष्ठ यात्री सेवा और संतुष्टि के साथ मेट्रो रेल श्रेणी के तहत दिया गया।
डीएमआरसी के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनुज दयाल ने शनिवार को बताया कि 14वें अर्बन मोबिलिटी इंडिया सम्मेलन-2021 में शुक्रवार को केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने डीएमआरसी के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. मंगू सिंह को अवार्ड प्रदान किया।
अर्बन मोबिलिटी इंडिया सम्मेलन केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय द्वारा आयोजित किया जाने वाला एक प्रमुख वार्षिक कार्यक्रम है। यह राज्य-शहर के अधिकारियों को वैश्विक शहरी परिवहन विशेषज्ञों से सर्वोत्तम शहरी परिवहन प्रथाओं को सीखने के लिए एक मंच प्रदान करता है।



