
दिग्विजय सिंह का भैंस के साथ डांस करते वीडियो वायरल, नरोत्तम ने ली चुटकी
भोपाल- 07 नवंबर। कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दिग्विजय सिंह भैंसे के साथ नाचते दिख रहे हैं। दरअसल, यह वीडियो तेलंगाना में गोवर्धन पूजा के अवसर पर पशुओं की पूजा का है। खुद दिग्विजय सिंह ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ट्वीटर पर वीडियो शेयर किया है। दिग्विजय सिंह के वायरल वीडियो को लेकर मप्र के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा का बयान सामने आया है।
गृहमंत्री मिश्रा ने सोमवार को दिग्विजय सिंह के वायरल वीडियो पर चुटकी ली है। उन्होंने कहा है कि राहुल गांधी ने फिटनेस का दौर चला दिया हैं। इसलिए अब दिग्विजय सिंह जी को भी तो अपनी फिटनेस दिखानी पड़ेगी।
गृहमंत्री ने तंज कसते हुआ कहा कि दिग्विजय सिंह बुजुर्ग नेता हैं। वह किसी के साथ भी डांस कर सकते हैं। ऐसे में भैंसा क्या चीज हैं। ऐसा करते हुए बुजुर्ग अच्छे भी बहुत लगते हैं। गृहमंत्री ने कहा कि दिग्विजय सिंह कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना चाहते थे लेकिन मल्लिकार्जुन खडग़े के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से ये सपना चूर चूर हो गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष के अधूरे सपने की खलबलाहट, भैंसे के साथ डांस करने के बाद ही जा सकती हैं।



