
दहेज की मांग पूरी नही होने पर बारात लेकर नही पहुंचे वर पक्ष
मोतिहारी- 19 फरवरी। जिले में कल्याणपुर थाना क्षेत्र से दहेज में बुलेट एवं पैसा नही मिलने के कारण शादी के दिन वर पक्ष द्धारा बारात लेकर नहीं आने का मामला सामने आया है। कल्याणपुर थाना क्षेत्र के पकड़ी दीक्षित निवासी पन्नालाल साह ने अपनी पुत्री की शादी मुजफ्फरपुर जिले के जाफरपुर निवासी शंभू साह के पुत्र चंदन कुमार के साथ तय किया था। इसके लिए उन्होंने वर पक्ष को जमीन बेचकर 12 लाख का जेवरात एवं नगदी समेत कई उपहार भी पूर्व में दे दिया था। शादी की रस्म कल यानी 18 फरवरी होने वाली थी। जिसके लिए पंडाल जयमाल स्टेज सजावट के साथ भोजन आदि की सभी पूरी कर ली गयी थी। लेकिन जब वर पक्ष को जाफरपुर (मुजफ्फरपुर) से बारात लेकर आने में देरी होने लगी तो वधु पक्ष के लोगो ने संपर्क साधा जिस पर उन लोगों ने दहेज में बुलेट मोटरसाईकिल बारात के गाडी के खर्च के साथ 50 हजार बकाया अतिरिक्त नगद देने की बात कहने लगे।
लड़की के पिता के अनुसार उन लोगों ने काफी मिन्नते करते हुए वर पक्ष को कहा कि आप बारात लेकर आईये मैं सब पूरा कर दूंगा। लेकिन वर पक्ष के लोग बिना दहेज की मांग पूरी किये बारात लेकर आने को राजी नही हुए।आखिर में दहेज लोभियों के चक्कर में पंडाल जयमाल स्टेज एवं खान पान की सारी तैयारियां धरी की धरी रह गयी।सजधज कर तैयार दुल्हन हाथों में मेहदी रचाकर अपने स्वयंवर का इंतजार करती रह गयी।बताया जा रहा है कि इस वाकया से वधु पक्ष के लोगो को गहरा धक्का पहुंचा है।



