
डिप्टी सीएम ने अटल जयंती पर महिला क्रिकेट चैंपियनशिप का किया उद्घाटन
पटना- 22 दिसंबर। डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद ने बुधवार को भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ बिहार प्रदेश के तत्वावधान में आयोजित चार दिवसीय अटल बिहारी वाजपेयी महिला क्रिकेट चैंपियनशिप का उद्घाटन किया। मौके पर उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि अटल जयंती के अवसर पर महिला क्रिकेट चैंपियनशिप का आयोजन करना अटल जी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ निरंतर सभी खेलों का आयोजन करा कर उस खेल से संबंधित खिलाड़ियों को उचित प्लेटफार्म मुहैया करा रही है। इस अवसर पर बिहार सरकार के खेल मंत्री आलोक रंजन झा ने कहा कि आज नारी शक्ति सभी क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही है। ऐसी प्रतियोगिताओं के आयोजन से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा को निखारने का अवसर प्रदान होता है ।
राष्ट्रीय निशानेबाज और जमुई से भाजपा विधायक श्रेयसी सिंह ने कहा कि भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ द्वारा महिला क्रिकेट चैंपियनशिप का आयोजन करना काफी अच्छी पहल है। इससे महिला खिलाड़ियों का हौसला बढ़ेगा और उनका खेल सबके सामने आएगा। साथ ही उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी “बिहार गौरव सम्मान” से सम्मानित करने के लिए भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ का आभार व्यक्त किया।
भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सतीश राजू ने बताया कि इस आयोजन से बिहार की महिला खिलाड़ियों को एक उचित प्लेटफार्म प्रदान करने का प्रयास भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ कर रही है। आज प्रतियोगिता के खेले गए उद्घाटन मैच में बिहार ब्लू ने बिहार ऑरेंज को 19 रनों से एवं दूसरे मैच में बिहार ब्लू ने बिहार गोल्ड को रोमांचक मुकाबले में तीन विकेट से पराजित किया।



