
ट्रोले ने कुचली कार, 2 बच्चों सहित 4 की मौत
सीकर- 22 अगस्त। ट्रोले की टक्कर से टुकड़ों में बिखरी कार में सवार एक परिवार के चार जनों की मृत्यु हो गई।
जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग 65 पर सोमवार दोपहर हरियाणा के हिसार निवासी कार में सवार एक परिवार के चार लोग सालासर बालाजी के दर्शन कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान लक्ष्मणगढ पुलिस थानान्तर्गत बाटड़ानाउ के निकट बजरी से भरे ट्रोले ने लापरवाही पूर्वक कार को टक्कर मार दी।
लक्ष्मणगढ़ थाना पुलिस के अनुसार इस भीषण भिडंत में हिसार निवासी कर्मवीर उम्र 35 वर्ष , उनकी पत्नी रेणु उम्र 32 वर्ष, चार वर्षीय बेटी प्राची व पांच वर्षीय भतीजे कार्तिक की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। तेज आवाज के साथ हुई दुर्घटना पर आस पास के लोगों ने मौके पर पहुंच पुलिस को सूचना दी। बड़ी मशक्कत के बाद टुकड़ों में बटी कार से शवों को निकाला गया। हादसे के बाद लगे जाम के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटा कर जाम खुलवाया। पुलिस ने शवों को लक्ष्मणगढ के राजकीय चिकित्सालय में रखवा कर परिजनों को सूचित किया। घटनास्थल से ट्रोले का चालक फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।



