
ट्रैक्टर की टक्कर से शिक्षिका की मौत
औरैया- 17 नवम्बर । उत्तर प्रदेश के औरैया जिला के सदर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय सुरान में पढ़ाने जा रही एक शिक्षिका की ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौत हो गई। टक्कर लगने के उपरांत वहां पर दर्जनों लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। घटना की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्राथमिक विद्यालय सुरान की शिक्षिका अंजू शर्मा बुधवार की सुबह अपनी स्कूटी से पढ़ाने के लिए विद्यालय जा रही थी। स्कूटी पर उनकी मासूम बच्ची भी सवार थी। जैसे ही वे लोग सुरान बंबा के समीप स्थित पीतांबरा गार्डन के सामने पहुंची कि तभी ट्रैक्टर की चपेट में आने से शिक्षिका वहीं पर गिर पड़ी और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना होते देख आसपास के ग्रामीण दौड़ पड़े और मामले की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने मृतक शिक्षिका अंजू देवी के शव को कब्जे में लिया तथा परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर को हिरासत में ले लिया है जबकि घटना करने के उपरांत ट्रैक्टर का चालक भाग जाने में सफल रहा। पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।



