
टेनिस : बिहार की भार्गवी ने एक ट्रॉफी पर किया कब्जा
लखनऊ- 26 मई। आइटा अंडर 12 और 14 पुरुष व महिला चैंपियनशिप सिरीज में सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले गये। इसमें बिहार की भार्गवी ने अंडर-14 के फाइनल मुकाबले में बाजी मार ली। वहीं अंडर-12 के सेमी फाइनल में भी यूपी की सांभवी को हराकर फाइनल में जगह बना ली।
लखनऊ के एलपीजी टेनिस एकेडमी में चल रहे मुकाबले में गुरुवार को कई रोचक मुकाबले हुए। पुरुष अंडर-14 के सेमीफाइनल में यूपी के फैज किदवई ने यूपी के ही क्षितिज सिन्हा को 6-2, 5-7, 6-0 से मात देकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। वहीं दूसरे एकल मुकाबले में उप्र के सानिध्य द्विवेदी ने उप्र के वंशराज जलोटा को कड़े मुकाबले में हरा दिया। वहीं अंडर-14 के फाइनल महिला मुकाबले में बिहार की भार्गवी शर्मा ने उप्र की रियासा कमाल को सीधे सेटों में 6-2, 6-2 से मात देकर ट्राफी पर कब्जा कर लिया। वहीं भार्गवी ने अंडर-12 में भी उप्र की सांभवी दक्ष को 6-1, 6-4 से मात देकर फाइनल में जगह बना ली। अंडर-12 के दूसरे महिला सेमीफाइनल में यूपी की शरन्या ने यूपी की आशी को 6-2, 6-1 से मात दे दी।
पुरुष अंडर-12 के सेमीफाइनल में तमिलनाडु के रीतिश अबिनव ने उप्र के रोहिन राज को 6-4, 6-4 से मात देकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। वहीं दूसरे मुकाबले में उप्र के क्षितिज ने उप्र के अर्जुन शर्मा को 6-3, 6-0 से हरा दिया। वहीं महिला-14 के डबल मुकाबले में उप्र के शरन्या श्रीवास्तव और आंध्र प्रदेश की जोशिता गोली की जोड़ी ने यूपी की वैष्णवी लोधी और संस्कृति गौतम की जोड़ी को 7-6, 6-3 की जोड़ी को हरा दिया।



