
झंझारपुर एडीजे व थानाध्यक्ष मामला: पुलिस एसोसिएशन ने सामूहिक अवकाश पर जाने के निर्णय की अवधि बढ़ी
मधुबनी-25 नवंबर। झंझारपुर में एडीजे अभिनाश कुमार व घोघरडीहा थानाध्यक्ष विवाद मामले में थानाध्यक्ष गोपाल कृष्ण के बयान पर अबतक एडीजे के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज नहीं होने को लेकर सामूहिक अवकाश पर जाने के निर्णय को बिहार पुलिस एसोसिएशन संघ के महामंत्री कपिलेश्वर पासवान ने समय अवधि बढ़ा दिया है। इस संबंध में उन्होंने गुरुवार को मधुबनी पुलिस केंद्र परिसर में पहुंचकर जिले के सभी थानाध्यक्षों व पुलिस कर्मियों के साथ बैठक किया।

बैठक में उन्होंने कहा कि अभी जिले में पंचायत चुनाव चल रहा है जो बाधित ना हो इसको लेकर सामूहिक अवकाश व चरणबद्ध आंदोलन के समय अवधि को बढ़ाया गया है। महामंत्री कपलेश्वर पासवान ने कहा कि इस संबंध में राज्य स्तर पर बैठक बुलाकर निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल इस मामले में उच्च न्यायालय की ओर से भी संज्ञान लिया गया है। हमें न्यायालय पर पूरा भरोसा है कि मामले की सही जांच कर पुलिस कर्मियों को न्याय दिलाएंगे। साथ ही पुलिस एसोसिएशन संघ की ओर से पुलिस पदाधिकारियों को न्याय दिलाने को लेकर सात सूत्री मांगों को भी पूरा करेंगे।



