
जापान,अमेरिका समेत कई देशों ने अफ्रीका से आने वाली उड़ानों पर लगाई रोक
नई दिल्ली- 27 नवंबर। दक्षिण अफ्रीका से कोरोना वायरस का नया वैरिएंट ओमीक्रोन के सामने आने के बाद संक्रमण के नए खतरों को लेकर अमेरिका, जापान, ब्रिटेन और कनाडा सहित कई देशों ने अफ्रीका से आने वाली उड़ानों पर प्रतिबंध लगा दिया है। यूरोपीय संघ ने भी दक्षिण अफ्रीका समेत कई अफ्रीकी देशों से आने वाली उड़ानों पर प्रतिबंध लगाया है। अमेरिका ने अफ्रीकी देशों- दक्षिण अफ्रीका, बोत्सवाना, जिम्बॉब्वे, नामीबिया, लेसोथो, इस्वातिनी, मोजांबिक और मलावी से आने वाली विमानों पर प्रतिबंध लगाने का फ़ैसला किया है। सोमवार से ये प्रतिबंध लागू हो जाएंगे। इसके बाद सिर्फ अमेरिकी नागरिकों और निवासियों को ही उन इलाक़ों से अमेरिका आने दिया जाएगा। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा कि ये प्रतिबंध तब तक लागू रहेंगे जब तक इस वैरिएंट के बारे में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आ जाती।
श्रीलंका ने छह अफ्रीकी देशों पर प्रतिबंध लगा दिया है। श्रीलंकाई स्वास्थ्य प्रशासन के मुताबिक रविवार से दक्षिण अफ्रीका, बोत्सवाना, जिंबावे, नामीबिया, लिसोथो, एस्वाटिनी देशों से आने वालों पर रोक रहेगी। कनाडा ने सात देशों पर रोक लगाई है। इनमें दक्षिण अफ्रीका, नामीबिया, लिसोथो, बोत्सवाना, एस्वातिनी, जिंबाब्वे और मोजाम्बिक शामिल हैं। कनाडा के विदेश मंत्री जीन वे डकलोस ने कहा कि अपने नागरिकों की सुरक्षा के मद्देनजर कनाडा तेजी से कार्य कर रहा है। जिन यात्रियों ने 14 दिनों में इन सात देशों की यात्रा की है, उनके कनाडा में प्रवेश पर रोक रहेगी।
स्विट्ज़रलैंड ने दक्षिण अफ्रीका समेत कई अफ्रीकी देशों से आने-जाने वाले विमानों पर अस्थायी रोक लगा दी है। ब्रिटेन ने दक्षिण अफ्रीका, नामीबिया, जिम्बॉब्वे, बोत्सवाना, लेसोथो और इस्वातिनी से आने वाले लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी है। अगर इन देशों से ब्रिटेन या आयरलैंड के नागरिक आते हैं तो उन पर रोक नहीं होगी। ग्रीस ने बोत्सवाना, इस्वातिनी, लेसोथो, मोजाम्बिक, नामीबिया, दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे पर रोक लगाई है। आयरलैंड ने भी प्रतिबंध लगाए हैं। आयरिश सरकार ने दक्षिण अफ्रीका समेत सात अफ्रीकी देशों की यात्रा के संबंध में नए प्रतिबंधों की घोषणा की है। वहीं, जापान ने कहा है कि शनिवार से दक्षिणी अफ्रीका से आने वाले अधिकतर यात्रियों को 10 दिनों के लिए पृथकवास में रखा जाएगा। उस दौरान लोगों की चार बार जांच की जाएगी। ईरान और ब्राजील ने दक्षिण अफ्रीका समेत छह अफ्रीकी देशों से आवाजाही पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है।
उल्लेखनीय है कि विश्व स्वास्थ्य संगठन ने इस नए वैरिएंट बी.1.1.529 को वैरिएंट ऑफ़ कंसर्न क़रार दिया है। कोरोना वायरस के इस नए वैरिएंट की सबसे पहले दक्षिण अफ्रीका में 24 नवंबर को पहचान की गई थी, जिसके बाद देखते ही देखते यह बोत्सवाना, मालावी सहित कई अफ्रीकी देशों में फैल गया। यहां से अन्य देशों में जाने वाले यात्रियों में भी इसके मामले पाए गए हैं।



