विश्व

जाकिर नाइक ने पाकिस्तान यात्रा को सफल बताया, कहा- उम्मीद से कहीं अधिक प्यार मिला

इस्लामाबाद- 30 अक्टूबर। भारत में लंबे समय से वांछित भगोड़े डॉ. जाकिर नाइक ने अपनी पाकिस्तान यात्रा को सफल बताते हुए पाकिस्तान सरकार को धन्यवाद दिया है। डॉ. नाइक पाकिस्तान सरकार के निमंत्रण पर यहां आए थे और यात्रा के समापन मौके पर पाकिस्तान में मिले प्यार की सराहना करते हुए मुस्लिम एकता पर जोर दिया।

एआरवाई न्यूज चैनल के अनुसार, इस्लामिक विद्वान डॉ. जाकिर नाइक ने कहा कि उम्मीदों से कहीं अधिक गर्मजोशी से पाकिस्तान में उनका स्वागत हुआ और सरकार ने बहुत उच्चस्तरीय व्यवस्था की। इससे पहले उन्होंने 1991 में भी पाकिस्तान का दौरा किया था मगर यह उनकी पाकिस्तान की पहली आधिकारिक यात्रा थी। उन्होंने कहा कि अब तक कई देशों की सैकड़ों यात्राएं की हैं लेकिन पाकिस्तान की यात्रा बहुत सुखद रही।

डॉ. नाइक ने कहा कि पाकिस्तान एकमात्र ऐसा देश है जिसकी स्थापना इस्लाम के नाम पर हुई थी। उन्होंने कहा कि विद्वानों और राजनेताओं के बीच घनिष्ठ संबंध होना चाहिए। देश के विकास के लिए शासकों और विद्वानों को एकमत होना चाहिए। डॉ. नाइक ने मतभेदों को दूर कर कुरान और सुन्नत के रास्ते पर एक साथ आने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आज मुस्लिम समुदाय चुनौतियों का सामना कर रहा है। शांति, एकता और अंतर-धार्मिक सद्भाव को बढ़ावा देने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाने चाहिए।

भारतीय जांच एजेंसियों के अनुसार, नाइक साल 2016 में भारत से भागा था। वह कई वर्षों से एनआईए और प्रवर्तन निदेशालय की जांच के दायरे में है। वह विभिन्न धार्मिक समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देने के लिए आईपीसी की धारा 153ए और गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम की धारा 10, 13 और 18 के तहत आरोपों का सामना कर रहा है। मुंबई की विशेष एनआईए अदालत ने 2017 में नाइक के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था। नाइक अदालत के समक्ष पेश नहीं हुआ है। वह मलेशिया में रह रहा है। बताया गया है कि वहां उसे स्थायी निवासी का दर्जा प्राप्त है।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button