
जयनगर-उधना अंत्योदय एक्सप्रेस में बेगूसराय में लूटपाट, 2 अपराधी गिरफ्तार
बेगूसराय- 07 जनवरी। बेगूसराय में बेखौफ ट्रेन लुटेरों ने शुक्रवार की अहले सुबह जयनगर-उधना अंत्योदय एक्सप्रेस को रोककर लूटपाट मचाया है। हालांकि सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए रेल पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार भी कर लिया है। घटना समस्तीपुर-बरौनी रेलखंड के बछवाड़ा जंक्शन के समीप की है। जहां कि बेखौफ अपराधियों ने चलती ट्रेन को बछवाड़ा रेल थाना क्षेत्र के गुमटी नंबर-23 एवं 24 के बीच वैक्यूम कर रोक दिया तथा एक महिला से लूटपाट की घटना को अंजाम दिया है। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान बछवाड़ा थाना क्षेत्र के रुदौली निवासी दिलीप कुमार एवं राजेश कुमार के रूप में की गई है। दोनों अपराधियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों का पता लगाया जा रहा है।
घटना के संबंध में रेल पुलिस ने बताया कि जयनगर से उधना जाने वाली सप्ताहिक अंत्योदय एक्सप्रेस ट्रेन जैसे ही सुबह करीब तीन बजे बछवाड़ा जंक्शन आउटर सिग्नल के समीप पहुंची कि अपराधियों ने वैक्यूम कर ट्रेन को रोक दिया। इसके बाद मधुबनी जिला के खुटौना थाना क्षेत्र स्थित दुर्गापट्टी निवासी संतोषी मंडल का पर्स छीन लिया गया। इस दौरान यात्रियों ने कड़ा विरोध किया तो सभी बदमाश ट्रेन से कूदकर भाग गए। जयनगर-उधना एक्सप्रेस बछवाड़ा जंक्शन पर नहीं रुकती है, जिसके कारण पीड़ित महिला ने बरौनी जंक्शन पर ट्रेन रुकनेे के बाद जीआरपी में इसकी शिकायत किया। बरौनी जीआरपी द्वारा सूचना मिलते ही बछवाड़ा रेल पुलिस ने छापेमारी कर दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है।



