
…जब ग्रामीणों ने हलक से निकाली रिश्वत की राशि
चंडीगढ़- 26 मई। पंजाब में ग्रामीणों ने एक रिश्वतखोर मीटर रीडर को रंगे हाथों पकड़ा तो उसने रिश्वत की राशि को चबाना शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने आरोपित के हलक में हाथ डालकर नोटों के टुकड़े बाहर निकाले और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। मामला पंजाब के मोगा जिले के गांव चूहड़चक का है। इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो आज वायरल हो रहा है।
चूहड़चक गांव में मीटर रीडर रीडिंग लेने गया। वहां एक परिवार का मीटर उसने खराब बताया। घर में सिर्फ महिला मौजूद थी। मीटर रीडर ने उन्हें जुर्माने के नाम पर डराया। फिर जुर्माना न लगाने की बात कह एक हजार की रिश्वत मांगी। ग्रामीण इस बात से नाराज हो गए, क्योंकि मीटर घर के बाहर लगा है। जब मीटर रीडर के रिश्वत मांगने का पता चला तो ग्रामीणों ने उसे पकड़ने का फैसला कर लिया।
उन्होंने 500 रुपए के दो नोट की फोटो कॉपी करवाई। उसके बाद उन्हें मीटर रीडर को पकड़ा दिया। जैसे ही उसने नोट जेब में रखे तो ग्रामीणों ने उसे घेर लिया। घबराए मीटर रीडर ने बचने के लिए जेब से रुपये निकाले और उन्हें चबाने लगा। यह देख ग्रामीणों ने उसके मुंह में हाथ डालकर नोट निकलवा लिये। इस बीच किसी ने वीडियो बनाकर उसे वायरल कर दिया, जिसमें भ्रष्टाचार का आरोपित यह मीटर रीडर रिश्वत की राशि को चबा रहा है। बहरहाल पुलिस ने अब मामले की जांच शुरू कर दी है।



