
चिराग पासवान ने बिहार में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की
पटना- 18 जनवरी। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने बिहार के मौजूदा हालात को लेकर राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की है। इस मांग से संबंधित एक पत्र चिराग पासवान ने बिहार के राज्यपाल फागू चौहान को लिखा है ।
चिराग पासवान का कहना है कि बिहार में जहरीली शराब से लगातार मौतें हो रही है, इससे राज्य में हालात बेकाबू होते जा रहे हैं । मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शासन और प्रशासन को संभालने में विफल साबित हुए हैं, इसलिए राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाया जाना चाहिए । पासवान ने कहा है कि बिहार में शराबबंदी कानून जमीन पर नहीं उतर पा रहा और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार खुद इस बात को समझ नहीं पा रहे । चिराग ने कहा कि मुख्यमंत्री को जहरीली शराब से हो रही मौतें नजर नहीं आ रही। इस पूरे कानून की समीक्षा करने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि शराबबंदी के मुददें पर तत्काल एक समीक्षा बैठक बुलाई जानी चाहिए और शराब बंदी कानून की समीक्षा होनी चाहिए । मुख्यमंत्री जी को अभी चीजों को अंदाजा नहीं है । ये पीड़ित परिवार से मिलने नहीं जाते हैं । यह किसी पीड़ित परिवार से मिलेंगे तब तो समझ में आएगा कि जहरीली शराब का कारोबार कितनी मजबूती से अपनी जड़ों को मजबूत कर चुका है ।एनडीए गठबंधन और विपक्ष की ओर से शराबबंदी पर चल रही नोकझोंक के बीच अब चिराग पासवान की इस मांग ने सरकार के मुश्किलें और बढ़ा दी है । अब देखना है कि शराबबंदी कानून में संशोधन की चर्चा के बीच नीतीश सरकार क्या निर्णय लेती है ।



