बिहार

ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना का क्रियान्वयन 15 अप्रैल से शुरू करें : सीएम

पटना- 10 फरवरी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना-2 के अंतर्गत मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना की प्रगति की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सात निश्चय-2 के अंतर्गत मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना का क्रियान्वयन 15 अप्रैल से शुरू करें। इसकी शुरूआत होने से गांवों के रास्ते और महत्वपूर्ण स्थान सोलर लाइट से रौशन होंगे।

सीएम ने कहा कि शाम से सुबह तक सोलरस्ट्रीट लाइट जलेगी, इससे गांवों की तस्वीर बदलेगी और लोग बहुत प्रसन्न होंगे। मुख्यमंत्री कहा कि “मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना को लेकर लोगों में काफी उत्साह है। प्रायोगिक तौर पर विभाग इसे सभी जिलों के कम से कम एक-एक पंचायत में शुरू कराये।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने के साथ-साथ उसके रख-रखाव एवं सतत निगरानी की बेहतर व्यवस्था हो। हम लोगों का उद्देश्य है कि सोलर स्ट्रीट लाइट के माध्यम से लोगों को लगातार लाभ मिलता रहे। उन्होंने कहा कि इसके निर्माण इकाई को राज्य में ही स्थापित करने के लिए उद्यमियों को प्रेरित करें ताकि सोलर लाइट के अवयवों का उत्पादन भी यहीं हो। साथ ही स्थानीय लोगों को रोजगार मिले। उन्होंने कहा कि सोलर लाइट में प्रयुक्त हो रही सामग्रियों की गुणवत्ता बेहतर हो इसे भी सुनिश्चित करें।

बैठक में पंचायतीराज विभाग के प्रधान सचिव अरविंद कुमार चौधरी ने इससे पहले प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना की प्रगति की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने इसकी पृष्ठभूमि, लक्ष्य, कार्यान्वयन एवं समन्वय समिति, वित्तीय प्रबंधन, सोलर स्ट्रीट लाइट के रख रखाव, सोलर स्ट्रीट लाइट के स्थापन के लिए स्थलों का चयन के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक वार्ड में औसतन 10 सोलर स्ट्रीट लाइट लगाई जायेगी। इसके अलावा अन्य महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थलों पर भी सोलर लाइट लगाई जायेगी।

बैठक में ऊर्जा विभाग के प्रधान सचिव संजीव हंस ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से “मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना योजना के तकनीकी सहयोगी के रूप में बिहार रिन्युएबुल इनर्जी डेवलपमेंट एजेंसी (ब्रेडा) द्वारा किए जा रहे कार्यों की अद्यतन प्रगति की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने इसके विभिन्न अवयवों-सोलर पैनल, बैटरी, बल्ब की तकनीकी विशेषताएं आदि के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दूरस्थ सूचना प्रणाली (रिमोट मॉनिटरिंग सिस्टम) के माध्यम से सोलर स्ट्रीट लाइट के क्रियान्वयन की ठीक से निगरानी की जायेगी।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button