
गांधी मैदान स्टेडियम में दो साल बाद अदा की गयी बकरीद की नमाज,प्रशासन रहा सख्त
पटना- 10 जुलाई। कुर्बानी का त्योहार ईद-उल-जोहा (बकरीद) रविवार को उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। बिहार में खास उत्साह देखा जा रहा है। कोरोना काल के दो साल बाद यानि 2022 में इस बार लोगों ने गांधी मैदान स्टेडियम में सामूहिक रूप से बकरीद की नमाज अदा की। गांधी मैदान स्टेडियम में सुबह 7.45 बजे नमाज अदा की गयी। इस दौरान बड़ी संख्या में मुस्लिम वर्ग के लोगों ने गांधी मैदान में नमाज अदा कर खुदा से अमन-चैन की दुआएं मांगी।

गांधी मैदान स्टेडियम में दो साल बाद सामूहिक रूप से बकरीद की नमाज अदा करने को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गये थे। कुर्ता, पायजामा और टोपी पहने यहां पहुंचे लोगों में काफी उत्साह दिखा। पटना के कई मस्जिदों पर लोगों ने बकरीद की नमाज अदा की। छत्ता मस्जिद,जामा मस्जिद,जीबी रोड,केपी रोड,चौक पर बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज अदा की।
उल्लेखनीय है कि गांधी मैदान में हर साल बकरीद और ईद की नमाज करने की परंपरा रही है लेकिन पिछले दो साल से कोरोना के कारण इस पर रोक लगा दी गई थी। इस साल पिछले साल की अपेक्षा कोरोना के मामलों में कमी आने के बाद जिला प्रशासन की तरफ गांधी मैदान में एक बार से नमाज अदा करने की अनुमति दी थी।



