
कांग्रेस के दबाव में केन्द्र ने वन रैंक वन पेंशन पर किया अमल: जयराम रमेश
नई दिल्ली- 24 दिसंबर। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि केन्द्र सरकार ने वन रैंक वन पेंशन पर कांग्रेस के दबाव पर अमल किया है। लेकिन यूपीए सरकार ने 26 फरवरी, 2014 को जिस वन रैंक वन पेंशन की घोषणा की थी, रक्षा मंत्री द्वारा की गई घोषणा उसके शब्दशः और अंतर्निहित भावनाओं के अनुरूप कार्यान्वयन से कोसों दूर है।
रमेश ने शनिवार को एक बयान जारी कर कहा कि भारत जोड़ो यात्रा पूर्व सैनिकों की आवाज़ को सफलतापूर्वक उठाती रहेगी। हम यूपीए सरकार द्वारा इस संदर्भ में जारी आदेशों के अनुसार वन रैंक वन पेंशन को लागू करने के प्रति प्रतिबद्ध हैं।
रमेश ने कहा कि मोदी सरकार ने पूर्व सैनिकों की पेंशन में संशोधन को लागू करने और उनके बकाए के भुगतान के लिए सर्वोच्च न्यायालय से चार बार समय सीमा बढ़ाने की मांग की। हाल ही में जब इस संशोधन को लागू करने की समय सीमा 15 दिसंबर 2022 को समाप्त हो रही थी, तब सरकार ने इससे बचने के लिए 14 दिसंबर 2022 को एक आवेदन दाखिल किया और 15 मार्च, 2023 तक समय सीमा बढ़ाने की मांग की थी।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी 21 दिसंबर, 2022 को हरियाणा के फिरोजपुर-झिरका में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के तहत पूर्व सैनिकों से मिलते हैं। पूर्व सैनिक इस मुद्दे को उनके समक्ष उठाते हैं और उन्हें ज्ञापन सौंपते हैं। राहुल गांधी उनकी मांगों का समर्थन करते हैं, जिसका व्यापक प्रचार होता है। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा के नई दिल्ली में प्रवेश करने से ठीक पहले, 23 दिसंबर की शाम को कैबिनेट बैठक के बाद रक्षा मंत्री बकाया राशि के भुगतान की घोषणा करते हैं। रमेश ने कहा कि कांग्रेस सैनिकों के अधिकारों के लिए हमेशा आवाज उठाती रहेगी।



