
कश्मीरी छात्रों की रिहाई के लिए महबूबा ने पीएम को चिट्ठी लिखकर दखल देने की अपील की
श्रीनगर-30 अक्टूबर। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने टी-20 विश्व कप क्रिकेट मैच में भारत पर पाकिस्तान की जीत का जश्न मनाने के आरोप में आगरा से गिरफ्तार किए गए तीन कश्मीरी छात्रों के संबंध में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का पत्र लिखा है। इसमें महबूबा मुफ्ती ने कहा कि है मैं आपसे कश्मीरी छात्रों की रिहाई के संबंध में हस्तक्षेप करने का अनुरोध करती हूं ताकि इन युवाओं का भविष्य नष्ट न हो।
दो पन्नों के इस पत्र में महबूबा मुफ्ती ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लिखा कि प्रदेश के नौजवान एमबीबीएस जैसे प्रोफेशनल कोर्स कर रहे हैं और ऐसे में महज भारत-पााकिस्तान क्रिकेट मुकाबले के उपरांत जीत का जश्न मनाने के आरोप में ऐसे नौजवानों पर आतंक विरोधी कानून थोपे जाने उचित नहीं है। आगरा में भी तीन कश्मीरी छात्रों के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई की गई जो बहुत गलत है। उन्होंने प्रधानमंत्री को कश्मीर के हालात खराब होने के बारे में भी लिखा। गौरतलब है कि इससे पहले गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज राजौरी में ओडी तकनीशियन के पद पर कार्यरत एक कर्मचारी को भी भारत पर पाकिस्तान की जीत का जश्न मनाने पर कार्रवाई का सामना करना पड़ा और कर्मचारी की तत्काल प्रभाव से सरकारी सेवाएं समाप्त करने संबंधी आदेश जारी किया गया था।



