
कर्पूरी के आदर्शों पर चलते हुए नीतीश कुमार गरीबों और वंचितों का उत्थान कर रहे हैंः सांसद
मधुबनी- 24 जनवरी। खुटौना प्रखंड क्षेत्र के दुर्गीपट्टी दुर्गा मंदिर परिसर स्थित कर्पूरी भवन में शुक्रवार को जननायक कर्पूरी ठाकुर की 101वीं जयंती धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। जदयू द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के कई बड़े नेता शामिल थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जदयू जिलाध्यक्ष नारायण भंडारी उर्फ फूले भंडारी ने की। जबकि क्षेत्रीय सांसद रामप्रीत मंडल,प्रमंडल प्रभारी भूमिपाल राय,पूर्व मंत्री लक्ष्मेश्वर राय और वरिष्ठ कार्यकर्ता शैलेंद्र मंडल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद थे।

सांसद रामप्रीत मंडल ने अपने संबोधन में कहा कि जननायक कर्पूरी ठाकुर एक युग पुरुष थे। जिन्होंने दबे,कुचले और वंचित वर्गों को आगे लाने के लिए जीवनभर संघर्ष किया। आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उन्हीं के आदर्शों पर चलते हुए गरीबों और वंचितों के उत्थान के लिए कल्याणकारी योजनाएं चला रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि राजद द्वारा कर्पूरी जयंती फुलपरास में मनाई जा रही है, जिसके चलते जदयू ने यहां इसे भव्य रूप से आयोजित किया है। प्रमंडल प्रभारी भूमिपाल राय ने कर्पूरी ठाकुर के विचारों को याद करते हुए लोगों से उनके बताए रास्ते पर चलने का आह्वान किया। जदयू नेता शैलेंद्र मंडल ने कहा कि उनके प्रयासों के कारण गरीबों,दलितों और अतिपिछड़ों के लिए योजनाएं चलाई जा रही हैं। जिससे ये वर्ग प्रगति कर रहे हैं। कार्यक्रम का मंच संचालन जदयू अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष महानारायण राय ने किया। मौके पर देवदत्त साह,डॉ.पीतांबर साह,सीमा मंडल,अरविंद महतो,वसिष्ठ मंडल,राकेश मंडल, सत्य नारायण सिंह,मुखिया उमेश दास और राजकुमार यादव समेत कई अन्य वक्ताओं ने अपने विचार रखे।



