
ओमीक्रोन पर केन्द्र सरकार के दिशा-निर्देशों पर अमल करे महाराष्ट्र सरकारः केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव
नई दिल्ली- 1 दिसंबर। कोरोना के नए वेरिएंट ओमीक्रोन के मद्देनजर महाराष्ट्र सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देश पर केन्द्र सरकार ने नाराजगी जाहिर की है। केन्द्र सरकार ने महाराष्ट्र सरकार को कहा है कि वे अपने नियम न बनाएं। इस संबंध में बुधवार को केन्द्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने महाराष्ट्र के अतिरिक्त स्वास्थ्य सचिव डॉ. प्रवीण कुमार व्यास को पत्र लिख कर कहा है कि केन्द्र सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देश के साथ समन्वय स्थापित करें। इसके साथ आगंतुकों की सुविधा का ध्यान रखते हुए इन दिशा-निर्देशों को प्रचारित करें।
महाराष्ट्र सरकार ने विदेश से आने वाले सभी लोगों के लिए आरटीपीसीआर की जांच आवश्यक कर दी है। इसके साथ रिपोर्ट नेगेटिव आने पर भी आगंतुकों के लिए 14 दिनों तक क्वारंटीन रहना अनिवार्य कर दिया है। इसके साथ नए नियमों के अनुसार किसी भी राज्य से महाराष्ट्र आने वाले लोगों के लिए 48 घंटे पहले की आरटीपीसीआर रिपोर्ट आवश्यक कर दी गई है। उल्लेखनीय है कि एक दिसंबर से ओमीक्रोन प्रभावित सभी देशों से आने वाले आगंतुकों की आरटीपीसीआर जांच अनिवार्य कर दी गई है।



