
इंदौरः चांदी के कड़ों के लिए 75 वर्ष की दादी की हत्या,दोनों पैर काटे,2 गिरफ्तार
इंदौर-16 फरवरी। इंदौर में एक दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है। यहां चांदी के कड़ों के लिए 75 साल की बुजुर्ग महिला के दोनों पैर काटकर हत्या कर दी गई। महिला के बेटों ने दो दिन पहले गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखाई थी। पुलिस ने बुधवार को महिला का शव उसके घर के पीछे गोबर गैस प्लांट से बरामद किया है। मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। बताया गया है कि वृद्धा को उसके पोते ने मौत के घाट उतार दिया। शराब के नशे में चूर पोते ने पहले दाल में जहरीला पदार्थ मिलाकर परोसा। बेहोश होते ही दो दोस्तों की मदद से गले में बंधे धागे से गला घोंट दिया। आरोपितों ने कुल्हाड़ी से दोनों पैर काटे एवं चांदी के कड़े निकाल लिए।
इंदौर ग्रामीण एसपी भगवतसिंह बिरदे ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि शहर से करीब 35 किमी दूर स्थित खुड़ैल खुर्द गांव में रहने वाले 75 वर्षीय जमनाबाई का बुधवार को शव बरामद होने हुआ है। पुलिस ने मृतक के पोते राजेश बागड़ी और उसके दोस्त विजय ढोली को उनकी हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है।
उन्होंने बताया कि वृद्धा जमनाबाई अपनी बहू संगीता के पास रहती थी। गत 11 फरवरी को संगीता मजदूरी पर गई थी। दोपहर को राजेश और विजय ने शराब पार्टी की और मौका देखकर घर आ गए। राजेश ने पहले जमनाबाई को जहरीली दाल खिला दी। बेसुध होते ही गला घोंटकर मार दिया। वृद्धा को आरोपित घर से 200 मीटर दूर स्थित गोबर गैस प्लांट पर ले गए और कुल्हाड़ी से पांव काटकर आधा किलो वजनी चांदी के कड़े निकाल लिए। आरोपितों ने जमनाबाई का शव बलून में रखकर गोबर में दबा दिया। पुलिस एक आरोपित मंगल की तलाश कर रही है।



