
आवास योजनाओं में तेजी लाएं: मुख्यमंत्री
पटना- 31 जनवरी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री आवास योजना, ग्रामीण एवं मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना की कार्य प्रगति की समीक्षा की। बैठक में सीएम ने अधिकारियों को आदेश दिया कि प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना में तेजी लाएं।
बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारी आवास निर्माण में तेजी लायें। उन्होंने बताया प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत जिन लाभार्थियों का आवास स्वीकृत हो चुका है और उनके पास अपनी जमीन नहीं है, उन्हें मुख्यमंत्री वास स्थल क्रय सहायता योजना के तहत 60 हजार रुपये की राशि भूमि खरीदने के लिए दी जा रही है। इस योजना का लाभ ज्यादा से ज्यादा लोग उठा पायें, इसको लेकर प्रचार – प्रसार करें। कोई भी योग्य लाभुक इससे वंचित नहीं रहे, इसका आकलन करायें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमलोगों का उद्देश्य है कि सभी योग्य लाभुकों का आवास बनना चाहिए, कोई भी छूटे नहीं। उन्होंने कहा कि जल-जीवन- हरियाली अभियान के अन्तर्गत सार्वजनिक आहर, पईन, पोखर को अतिक्रमणमुक्त कराने के दौरान जो परिवार आश्रयहीन हो गये हैं, उन्हें भी शीघ्र आवास योजना / मुख्यमंत्री वास स्थल क्रय सहायता योजना का लाभ दिलायें ।
इससे पहले बैठक में ग्रामीण विकास विभाग के प्रधान सचिव अरविन्द कुमार चौधरी ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के अन्तर्गत अब तक स्वीकृत आवास पूर्ण आवास एवं लंबित आवासों की विस्तृत जानकारी दी। मुख्यमंत्री वास स्थल क्रय सहायता योजना के लाभुकों के संबंध में भी उन्होंने जानकारी दी।



