
आदिवासी नाबालिग से दुष्कर्म करने के मामले में तीन गिरफ्तार
बीरभूम- 8 नवंबर। नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म के मामले में आरोपित तीन लोगों को शांति निकेतन थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार रविवार रात शांति निकेतन थाना अंतर्गत तंशुलडांगा इलाके में रविवार रात 14 वर्षीय छात्रा सो रही थी। आरोप है कि उसी समय मुंह पर कपड़ा बांधे कुछ युवक छात्रा को उठा ले गए और दुष्कर्म किया। बाद में आरोपित एक टूटे पड़े घर में छात्रा को छोड़कर फरार हो गये। सोमवार सुबह स्थानीय लोगों ने पीड़ित छात्रा को टूटे घर में देखा। पीड़ित के परिजनों ने शांति निकेतन थाने में शिकायत दर्ज करवाई। इसके आधार पर पुलिस ने सोमवार सुबह तीनों आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
इस मामले में बीरभूम जिले के महकमा पुलिस अधिकारी अभिषेक रॉय ने बताया कि मंगलवार को पीड़िता का गुप्त बयान अदालत में दर्ज किया जाएगा। पुलिस अधिकारी ने माना कि सिउड़ी की एक घटना को लेकर इस शिकायत को दर्ज करने में देर हुई है।



