
आत्मनिर्भरता की पहचान बनी पटना की ग्रेजुएट चाय वाली
पटना- 21 अप्रैल। केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार के आत्मनिर्भर अभियान को पूरे तेवर के साथ पटना की ग्रेजुएट लड़की प्रियंका गुप्ता साकार कर रही है। फर्राटेदार अंग्रेजी के साथ हिन्दी का तड़का लगाकर प्रियंका राजधानी पटना के बेली रोड पर स्थित वीमेंस कॉलेज के सामने चाय बेच रही है।
प्रियंका ने हिन्दुस्थान समाचार से बातचीत में बताया कि उसने बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) से अर्थशास्त्र में स्नातक किया है। प्रियंका ने बताया कि अभी ये शुरुआत है। आगे अभी इसी में बहुत कुछ करना है।
उसने बातचीत में कहा कि पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रतियोगी परीक्षा देती रही लेकिन सफलता नहीं मिली। नौकरी भी नहीं मिल रही थी। इसलिए स्टार्टअप शुरू किया। एक हफ्ते से दुकान चला रही हूं। प्रियंका ने अपने प्लान के बारे में बताया और कहा कि एक साल के अंदर वह पटना में तीन-चार और दुकान खोलना चाहती है। कंपनी खोलकर उसका रजिस्ट्रेशन कराना है। प्रियंका ने कहा कि इसके बाद पूरे देश भर में आउटलेट खोलना है। उसने कहा कि पूरे देश में चाय की दुकान खोलूंगी। उल्लेखनीय है कि पढ़ाई के बाद चाय बनाने के इस काम ने प्रियंका को सुर्खियों में ला दिया है।



